Kharagpur News साहित्य में उल्लेखनीय योगदान हेतु सदानंद सिंह यादव हुए सम्मानित,

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 75वें जन्मदिन को देशभर में सेवा पर्व के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में चल रहे सेवा पखवाड़ा के तहत रांची में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री सह रांची के सांसद संजय सेठ ने 75 साहित्यकारों को साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान हेतु सम्मानित किया।
इसी क्रम में हवेली खड़गपुर (मुंगेर) के भैया राम टोला निवासी तथा वर्तमान में केंद्रीय भू-जल बोर्ड, रांची में कार्यरत सदानंद सिंह यादव को भी सेवा सम्मान पत्र, अंग वस्त्र, तथा भेंट स्वरूप जूट का थैला, फैमिली प्रोटेक्शन लॉग बुक, छाता और डायरी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस आयोजन का संयोजन साहित्यकार पुष्पा सहाय ‘गिन्नी’ ने किया, जबकि सफल संचालन डाॅ. राजश्री जयंती एवं डाॅ. रजनी शर्मा ‘चंदा’ ने किया।
अपने उद्बोधन में माननीय मंत्री श्री संजय सेठ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के गौरवपूर्ण कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने कहा कि “साहित्यकार समाज के दर्पण होते हैं। जहां साहित्य और साहित्यकार नहीं होते, वह समाज प्रगति नहीं कर सकता। राष्ट्र और संस्कृति के उत्थान में साहित्यकारों की भूमिका अविस्मरणीय है। इन्हें सम्मानित करना समाज का दायित्व है।”
ज्ञातव्य है कि सदानंद सिंह यादव पहले भी अनेक राष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित हो चुके हैं, जिनमें तिलका मांझी राष्ट्रीय सम्मान, साहित्योदय साहित्य रत्न सम्मान, बिहार सेवा-रत्न सम्मान प्रमुख हैं। अंगिका भाषा के लोककवि के रूप में ख्याति प्राप्त यादव को झारखंड प्रदेश अंगिका समाज द्वारा “अंगिका साहित्य सेवा भूषण” से भी सम्मानित किया जा चुका है।
सदानंद सिंह यादव की इस उपलब्धि पर खड़गपुर वासियों एवं स्थानीय साहित्यकारों में हर्ष की लहर है। सभी ने उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।