लोकल न्यूज़
मुंगेर में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर व्यवसायियों में आक्रोश, चेंबर ऑफ कॉमर्स की आपात बैठक आयोजित

शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर आम जनता एवं व्यवसायियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इसी संदर्भ में मुंगेर चेंबर ऑफ कॉमर्स, शाखा हवेली खड़गपुर के कार्यकारिणी सदस्यों एवं विशेष आमंत्रित सदस्यों की एक आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन बैंक ऑफ इंडिया के समीप स्थित सम्मानित सदस्य उमाशंकर केसरी के प्रतिष्ठान पर किया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए शाखा अध्यक्ष अंजनी ठाकुर ने कहा कि हाल के दिनों में चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है, जिससे व्यवसायियों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी इस गंभीर समस्या को लेकर थाना अध्यक्ष एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा गया था तथा त्वरित एवं ठोस कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन अब तक अपेक्षित परिणाम नहीं मिल पाया है।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि यदि पुलिस प्रशासन अपराध पर अंकुश लगाने में विफल रहता है, तो चेंबर ऑफ कॉमर्स शाखा हवेली खड़गपुर आंदोलन करने को बाध्य होगी। व्यवसायियों ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इस पर शाखा अध्यक्ष अंजनी ठाकुर ने सर्वसम्मति से लिए गए निर्णय के अनुसार शीघ्र ही पुलिस अधीक्षक, मुंगेर से मिलकर पुनः ज्ञापन सौंपने की बात कही। इस प्रस्ताव पर सभी सदस्यों ने सहमति व्यक्त की।
बैठक में उपाध्यक्ष रेखा सिंह चौहान, संरक्षक अमित कुमार, जनार्दन शाह, दीपक गुप्ता, उमाशंकर केसरी, पंकज यादव, कुमार सौरभ, अंजेश ठाकुर, दीपू मोदी, कानूनी सलाहकार डॉ. सुरेश कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
बैठक के अंत में सभी ने एकजुट होकर अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की तथा व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील प्रशासन से की।




