
शहीद-ए-आज़म भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के बलिदान दिवस के अवसर पर आज सदाकत आश्रम में एक भव्य सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय था – “शहीद-ए-आज़म भगत सिंह के सपनों का भारत और बहुजन मुक्ति का प्रश्न”, जिसमें सामाजिक न्याय, समानता और बहुजन अधिकारों पर गहन चर्चा की गई।

अध्यक्षता वरिष्ठ कांग्रेस नेता सह भारतीय कांग्रेस के अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष शशि भूषण पंडित ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव का बलिदान केवल देश की स्वतंत्रता तक सीमित नहीं था, बल्कि वे एक ऐसे भारत का सपना देखते थे जहाँ हर वर्ग को समान अधिकार, सम्मान और न्याय मिले। उन्होंने कहा कि आज के दौर में इन महान क्रांतिकारियों के विचारों को पुनः समझने और उन्हें समाज में लागू करने की आवश्यकता है।

सेमिनार को सीवान जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील यादव, एन एस यू आई बिहार के प्रदेश उपाध्यक्ष भाग्य भारती, प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रतिनिधि रंजीत पंडित सहित ईबीसी कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. इंद्रजीत चंद्रवंशी, गोरख महतो और अरुण कुमार रॉय ने संबोधित किया। वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा, समान अवसर और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर गंभीर पहल जरूरी है, ताकि बहुजन समाज को वास्तविक सशक्तिकरण मिल सके।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम द्वारा ईबीसी कांग्रेस के जिला अध्यक्षों और प्रदेश पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। नियुक्त किए गए जिला अध्यक्षों में मुंगेर से राज कुमार मंडल, भागलपुर से डॉ. नीरज कुमार शाह, नालंदा से पल्लवी कुमारी, सीवान से राधेश्याम शर्मा, भोजपुर से शिवदानी चौहान, पटना महानगर से मीणा निषाद, खगड़िया से आदर्श कुमार निषाद, पटना ग्रामीण से विकास कुमार तथा पश्चिमी चंपारण से अयुब अंसारी शामिल हैं।
इसके साथ ही प्रदेश स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई, जिनमें अरुण कुमार रॉय, मिथलेश निषाद, डॉ. इंद्रजीत चंद्रवंशी, गोरख महतो, विनय कुमार गुड्डू और सुरेश कुमार को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया। वहीं शहादत हुसैन, अरुण कुमार बिंद, सुनीता पंडित, विनय कुमार विद्यार्थी और रामप्रवेश ठाकुर को प्रदेश महासचिव, संजय चंद्रवंशी और विशाल सहनी को प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। नीतू सिंह निषाद को महिला EBC का प्रदेश अध्यक्ष तथा दिगंबर मोदी को प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी, युवा साथी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने और समाज में समानता एवं न्याय स्थापित करने का संकल्प लिया।
अंत में अध्यक्ष श्री शशि भूषण पंडित ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि यह विचारधारा एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सतत आंदोलन है, जिसे समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना हम सबकी जिम्मेदारी है।




