लोकल न्यूज़
किसान दिवस पर सपा ने मनाई चौधरी चरण सिंह की 123वीं जयंती, खाद की कालाबाजारी पर सरकार को घेरा,

किसान दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी द्वारा महान समाजवादी नेता, पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह की 123वीं जयंती सपा के अस्थायी कार्यालय, बेलन बाजार में श्रद्धा और संकल्प के साथ मनाई गई। अध्यक्षता सपा जिला अध्यक्ष पप्पू यादव ने की। इस अवसर पर उपस्थित समाजवादियों ने चौधरी चरण सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर किसानों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह ग्रामीण भारत और किसानों के सच्चे प्रतिनिधि थे। वे ग्रामीण भारत को ही असली भारत मानते थे। आज दुर्भाग्य है कि 202 सीटों वाली सरकार किसानों को खाद तक उपलब्ध कराने में असफल साबित हो रही है। खाद की कालाबाजारी शासन–प्रशासन की अकर्मण्यता का प्रमाण है। किसान फसलों का उचित मूल्य न मिलने, कृषि आदानों की कालाबाजारी और कर्ज के बोझ से त्रस्त हैं, लेकिन उनकी आवाज़ सुनने वाला कोई नहीं है। राज्य का शासन–प्रशासन दुर्भावनापूर्ण रवैये के साथ अपने कर्तव्यों से विमुख है।
लोहिया वाहिनी के प्रदेश महासचिव रविकांत झा ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने अपने सिद्धांतों के लिए सत्ता तक को ठुकरा दिया और किसानों के कल्याण हेतु अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने किसानों में राजनीतिक चेतना जगाई, लेकिन आज किसान वर्ग बिखरा हुआ है, जिसे एकजुट करने की आवश्यकता है।
महासचिव मिथिलेश यादव, प्रवक्ता गणेश पोद्दार, धरहरा अध्यक्ष नीरज यादव, नगर अध्यक्ष मो. आज़म सहित अन्य वक्ताओं ने भी चौधरी चरण सिंह के विचारों और आंदोलनों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मौके पर उपाध्यक्ष रामनाथ राय, महासचिव अशोक भारत, सदर प्रखंड अध्यक्ष ईश्वर मंडल, मीडिया प्रभारी मनोज क्रांति, मथुरी यादव, गोपाल वर्मा, रामानंद यादव, छदपन मंडल कालेश्वर महतो सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे।




