लोकल न्यूज़

बफ्टा मुंगेर के कलाकारों ने नम आँखों से सुपरस्टार धर्मेंद्र को दी भावभीनी श्रद्धांजलि,

हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और सुपरस्टार धर्मेंद्र के निधन से पूरे फिल्म जगत में शोक की लहर है। इसी क्रम में बिहार फिल्म एंड टेलीविज़न आर्टिस्ट एसोसिएशन ट्रस्ट (बफ्टा) मुंगेर के कलाकारों ने  नम आँखों से अपने प्रिय अभिनेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। संस्था के फाउंडर-प्रेसीडेंट और मुंगेर के हीरो राजन कुमार ने पुष्प अर्पित करते हुए उन्हें स्मरण किया।

हीरो राजन कुमार ने कहा कि “धर्मेंद्र जी एक सच्चे हीरो थे। एक छोटे से गाँव से निकलकर मुंबई की चमकती दुनिया में अपनी पहचान बनाना किसी प्रेरक गाथा से कम नहीं। उनकी यात्रा हर सपने देखने वाले के लिए प्रेरणा है।”

गीतकार इक़बाल अहमद ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि धर्मेंद्र ने कड़ी मेहनत और संघर्ष से हिंदी सिनेमा में वो मुकाम हासिल किया, जिसे बहुत कम कलाकार छू पाते हैं। वे सफलता के शिखर पर पहुँचकर भी हमेशा एक सरल और परिवार-प्रिय व्यक्ति बने रहे।

बफ्टा के कोषाध्यक्ष मधुसूदन आत्मीय ने उनकी फिल्मों को याद करते हुए कहा कि “‘शोले’ के जय, ‘सत्यकाम’ के आदर्शवादी युवक और ‘अपने’ के संवेदनशील पिता—हर भूमिका में धर्मेंद्र ने दर्शकों को कभी हँसाया, कभी रुलाया और कभी सोचने पर मजबूर किया। ‘चुपके-चुपके’ ने तो उन्हें हर घर का चहेता बना दिया था।”

सीनियर कलाकार बलवंत शर्मा ने कहा कि धर्मेंद्र केवल पर्दे के ही नहीं, मन से भी एक सच्चे राष्ट्रवादी थे। देश, समाज और संस्कृति के प्रति उनका गहरा जुड़ाव उनके व्यक्तित्व में साफ झलकता था।

कलाकार शिवानी कुमारी, डिम्पल वर्मा, कल्पश्वनी और इंतजार ने भी अपने अंदाज में सुपरस्टार को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

अंत में हीरो राजन कुमार ने सभी कलाकारों का धन्यवाद करते हुए कहा कि “सिने स्टार धर्मेंद्र जी की मुस्कान, उनका सौम्य स्वभाव और उनका प्रेरणादायक सफर हमेशा हमारी यादों में जीवित रहेगा।”

श्रद्धांजलि सभा भावुक वातावरण में संपन्न हुई, जहाँ सभी ने धर्मेंद्र की अमर विरासत को सलाम किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!