घटना दुर्घटनालोकल न्यूज़
कुरावा गांव में 13 वर्षीय बालक की रहस्यमयी मौत, गले पर मिले निशान से परिजनों ने जताया संदेह,

जिले के हवेली खड़गपुर प्रखंड के कुरावा गांव में शनिवार देर रात एक 13 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान प्रभास बिंद के पुत्र अमित कुमार के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, अमित रात में रोज की तरह घर में सोया हुआ था। रविवार सुबह जब परिवार के लोग उसे जगाने पहुंचे तो वह बेहोश अवस्था में पड़ा मिला। पास जाकर देखने पर उसके गले पर निशान दिखाई दिए, जिससे परिजनों ने गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। परिजनों ने आपसी विवाद को लेकर पड़ोसियों पर भी संदेह व्यक्त किया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किशोर को अनुमंडल अस्पताल हवेली खड़गपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मुंगेर भेज दिया।
शामपुर थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि अब तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।




