खेल
65वें सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल कप का फाइनल कल: मुंगेर और पश्चिम चम्पारण में होगी खिताबी भिड़ंत

मुंगेर, 19 जुलाई। खेल विभाग, बिहार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण (BSSA), पटना एवं जिला प्रशासन, मुंगेर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 65वें राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल कप-2026 के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले रविवार को रोमांचक अंदाज में सम्पन्न हुए। दोनों मैच निर्धारित समय तक बराबरी पर रहने के बाद टाई-ब्रेकर के जरिए निर्णीत हुए।

सीतलपुर मैदान में खेले गए पहले सेमीफाइनल में मेजबान मुंगेर ने पटना को टाई-ब्रेकर में 4-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। टाई-ब्रेकर में मुंगेर के खिलाड़ियों ने शानदार संयम का परिचय दिया, जबकि गोलकीपर के बेहतरीन प्रदर्शन ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

वहीं, पोलो मैदान में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में पश्चिम चम्पारण ने किशनगंज को रोमांचक टाई-ब्रेकर में 5-4 से पराजित कर फाइनल का टिकट हासिल किया। निर्धारित समय तक यह मुकाबला भी बराबरी पर समाप्त हुआ था।
अब प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सोमवार, 20 जुलाई को सुबह 9:30 बजे पोलो मैदान, मुंगेर में खेला जाएगा, जिसमें मेजबान मुंगेर और पश्चिम चम्पारण की टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी।
जिला प्रशासन ने खेल प्रेमियों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पोलो मैदान पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने और रोमांचक फाइनल मुकाबले का आनंद लेने की अपील की है। फाइनल को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।




