आन्दोलनराजनीतिलोकल न्यूज़
राम मंदिर चंदा एवं चढ़ावा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन,
धार्मिक ट्रस्टों एवं सार्वजनिक चंदे से संबंधित मामलों में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो : राजेश मिश्रा,

मुंगेर, 16 जुलाई। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार राम मंदिर के चंदे एवं चढ़ावे के नाम पर कथित अनियमितताओं के विरोध में गुरुवार को मुंगेर जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में विशाल प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन राजीव गांधी चौक से प्रारंभ होकर एक नंबर किला गेट तक निकाला गया, जहां सभा के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुंगेर जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों और सार्वजनिक धन में पारदर्शिता की मांग को लेकर लगातार संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता को यह जानने का अधिकार है कि धार्मिक ट्रस्टों एवं सार्वजनिक चंदे से संबंधित मामलों में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।
सोझी घाट ठाकुरबाड़ी, मुंगेर के बालयोगी महंत जमुना दास जी महाराज द्वारा राम मंदिर से जुड़े चंदे में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं उच्च स्तरीय जांच की मांग का भी उल्लेख किया गया। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी (ओबीसी) के जिला अध्यक्ष राकेश कुमार मंडल ने आरोपों को गंभीर बताते हुए मामले में कथित रूप से शामिल लोगों की पहचान कर नामजद प्राथमिकी दर्ज करने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
डॉ. सुरेश कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष (ईबीसी ), बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कहा कि भगवान राम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। उनके नाम पर एकत्रित चंदे और चढ़ावे में किसी भी प्रकार की अनियमितता का आरोप अत्यंत गंभीर है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कर सच्चाई देश के सामने लाई जानी चाहिए। यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था को राजनीति या आर्थिक अनियमितताओं से जोड़ना उचित नहीं है और श्रद्धालुओं के विश्वास की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष ईबीसी विनय कुमार गुड्डू रामप्रवेश यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक पासवान, अजीत मालाकार, मनोज कुमार, शिव शंकर प्रसाद गुप्ता, चंदन कुमार सिंह, शकील अहमद, एससी जिला अध्यक्ष दीपक पासवान, राकेश कुमार ओबीसी जिला अध्यक्ष, रोहित मणि भूषण, राम शंकर सिंह, युवा कांग्रेस मनीष कुमार यादव खड़गपुर प्रखंड अध्यक्ष दिलीप मंडल, जिले के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ तथा अंत में कांग्रेस नेताओं ने जनहित, पारदर्शिता और जवाबदेही के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।




