ईंट भट्ठे पर सो रहे रात्रि प्रहरी की गोली मारकर हत्या, बेटी के अपहरण केस की रंजिश में वारदात की आशंका
20 दिन पहले मिली थी जान से मारने की धमकी,

सुबोध यादव के परिजनों का दावा है कि हत्या से करीब 20 दिन पहले उन्हें जान से मारने की धमकी मिली थी। आरोप है कि बेटी को भगाने के मामले में दर्ज केस वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था। पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है।
मुंगेर जिले के सफियासराय थाना क्षेत्र स्थित आरपीएस ईंट भट्ठे पर बुधवार देर रात सो रहे रात्रि प्रहरी की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। अपराधियों ने बेहद करीब से उनके सिर में दो गोलियां दागीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान डकरा सतखजुरिया निवासी 45 वर्षीय सुबोध यादव के रूप में हुई है। परिजनों ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और बेटी के अपहरण मामले में दर्ज प्राथमिकी को कारण बताया है।
जानकारी के अनुसार, सुबोध यादव बुधवार शाम भोजन करने के बाद अपनी ड्यूटी के लिए ईंट भट्ठे पर पहुंचे थे। वह कार्यालय के समीप बने गार्ड रूम के पास सो रहे थे। देर रात अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और बेहद करीब से उनके सिर में दो गोलियां मारकर फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर भट्ठे पर मौजूद अन्य कर्मी मौके पर पहुंचे, जहां सुबोध यादव खून से लथपथ पड़े मिले।
घटना की सूचना मिलते ही सफियासराय थाना पुलिस के साथ आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए, जबकि पुलिस भट्ठा परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
परिजनों का आरोप है कि करीब दो महीने पहले मृतक की बेटी को प्रेम-प्रसंग में घर से भगाने के मामले में सफियासराय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इस मामले में हेरूदियारा काली स्थान निवासी देवन यादव, उसके पुत्र अंकित यादव समेत अन्य लोगों को नामजद किया गया था। उनका कहना है कि केस वापस लेने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था और करीब 20 दिन पहले तथा दो दिन पूर्व भी जान से मारने की धमकी दी गई थी। परिजनों का आरोप है कि उसी रंजिश में सुनियोजित तरीके से हत्या को अंजाम दिया गया।
पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला मृतक की बेटी के अपहरण से जुड़े दर्ज मुकदमे से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। परिजनों के आरोपों सहित सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा संभावित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।




