तारापुर में एटीएस कांड से जुड़ा संदिग्ध गिरफ्तार, देशी पिस्टल बरामद; सीमापार नेटवर्क से संबंध की जांच तेज

तारापुर (मुंगेर), 7 जुलाई। मुंगेर जिले के तारापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बिहार एटीएस के एक मामले से जुड़े संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के पास से एक अवैध देशी पिस्टल, एक खाली मैगजीन तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। मामले में सीमापार नेटवर्क से संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को तारापुर थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम मिल्की खानपुर निवासी मो. सद्दाम का संबंध बिहार एटीएस के एक मामले में वांछित सीमापार (पाकिस्तानी) गैंगस्टर से है तथा वह किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की तैयारी में है।
सूचना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, तारापुर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई, जिसमें तारापुर थाना पुलिस, जिला आसूचना इकाई (DIU) तथा सशस्त्र बल शामिल थे। टीम ने मिल्की खानपुर स्थित आरोपी के घर पर छापेमारी की। पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान मो. सद्दाम, पिता शमशेर, निवासी मिल्की खानपुर, थाना तारापुर, जिला मुंगेर के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल, एक खाली मैगजीन एवं एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर तारापुर थाना कांड संख्या 129/2026, दिनांक 6 जुलाई 2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 113(3), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-b)(a) एवं 26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने सीमापार संचालित एक कथित गैंगस्टर के संपर्क में रहने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, उसने यह भी बताया कि वह अपने अन्य सहयोगियों के साथ भीड़भाड़ वाले इलाके में पेट्रोल बम या हथियारों के माध्यम से बड़ी घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहा था। इन दावों की जांच जारी है।
मुंगेर पुलिस ने बताया कि अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर इस नेटवर्क के अन्य संभावित सक्रिय सदस्यों की पहचान की जा रही है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल मुंगेर पुलिस कंट्रोल रूम 8102924365 पर देने की अपील की है।




