डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती पर लेखन एवं पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित, सोनम कुमारी और सुमित कुमार रहे अव्वल

मुंगेर, 6 जुलाई। मेरा युवा भारत (MY Bharat), मुंगेर द्वारा जिला युवा अधिकारी श्री मयंक के निर्देशानुसार प्रखंड धरहरा के हेमजापुर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर लेखन एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री नीरज कुमार एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर परिचर्चा आयोजित हुई। वक्ताओं ने उनके राष्ट्र निर्माण, शिक्षा, राष्ट्रीय एकता तथा युवा सशक्तिकरण में योगदान पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से उनके आदर्शों का अनुसरण करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने लेखन एवं पेंटिंग के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कविता (लेखन) प्रतियोगिता में सोनम कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पेंटिंग प्रतियोगिता में सुमित कुमार प्रथम रहे। कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं युवाओं को योग के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली तथा नियमित योगाभ्यास के लाभों की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में युवा क्लब के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर सुनील, काजल कुमारी, गीता सहित अन्य युवा क्लब के सदस्य, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया गया।




