सीबीएसई 10वीं में 93.4% अंक लाकर प्रियंका ने बढ़ाया मुंगेर का मान, पटना में हुई सम्मानित

मुंगेर, 30 जून 2026: मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प सफलता की सबसे बड़ी कुंजी हैं। इसे सिद्ध कर दिखाया है सरस्वती विद्या मंदिर, दौलतपुर, जमालपुर की छात्रा प्रियंका कुमारी ने, जिन्होंने सीबीएसई की दसवीं बोर्ड परीक्षा में 93.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय और पूरे मुंगेर जिले का नाम गौरवान्वित किया है।
प्रियंका की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उन्हें भारती शिक्षा समिति, बिहार एवं शिशु शिक्षा प्रबंध समिति, बिहार द्वारा आयोजित मेधावी छात्र अभिनंदन समारोह में पटना में सम्मानित किया गया। उन्हें बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी तथा सीबीएसई, पटना के क्षेत्रीय निदेशक गोपाल यादव ने सम्मान प्रदान किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य छठु साह ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। ईमानदारी, अनुशासन, नियमित अध्ययन और निरंतर अभ्यास ही सफलता का आधार हैं। उन्होंने कहा कि प्रियंका की उपलब्धि यह साबित करती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ इच्छाशक्ति और कठिन परिश्रम से बड़ी से बड़ी मंजिल हासिल की जा सकती है। विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं श्रेष्ठ संस्कार प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
प्रियंका कुमारी मुंगेर जिले के बड़ईचक, पाटम गांव की निवासी हैं। वे शिक्षिका आशा कुमारी एवं शंभू कुमार की सुपुत्री हैं। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता एवं शिक्षकों को देते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रियंका ने बताया कि उनका लक्ष्य प्रशासनिक सेवा में जाकर समाज और देश की सेवा करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि समय का सदुपयोग, नियमित अध्ययन, शिक्षकों एवं अभिभावकों के मार्गदर्शन का सम्मान तथा सकारात्मक सोच जीवन में सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ज्ञान के साथ-साथ अच्छे संस्कार और विनम्रता भी व्यक्ति को जीवन में ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रियंका की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। इस अवसर पर विद्यालय के उपप्रधानाचार्य संतोष कुमार, प्राथमिक खंड की प्रधानाचार्या किरण कुमारी सहित सभी शिक्षकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




