कला संस्कृति

हिंदू साम्राज्य दिवस पर राष्ट्र निर्माण और पंच परिवर्तन का आह्वान

मुंगेर, 27 जून। सरस्वती शिशु मंदिर, शादीपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में हिंदू साम्राज्य दिवस का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने भाग लिया।


इस अवसर पर जिला सह कार्यवाह श्री अभय कुमार पाल उपस्थित रहे, जबकि दक्षिण बिहार के प्रांत सह कार्यवाह श्री बालमुकुंद गुप्त मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अपने संबोधन में श्री गुप्त ने कहा कि वर्तमान समय में परिवार और समाज को विभाजित करने के अनेक प्रयास हो रहे हैं, ऐसे समय में समाज को संगठित और जागरूक रहने की आवश्यकता है।
उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन एवं संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिवाजी महाराज ने अपने जीवन में कभी भी मुगल सत्ता और आदिलशाही के अत्याचारों को स्वीकार नहीं किया तथा साहसपूर्वक उनका सामना किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा, स्वाभिमान और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए शिवाजी महाराज का जीवन आज भी प्रेरणास्रोत है।
श्री गुप्त ने चंद्रगुप्त मौर्य के शासनकाल का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत को सशक्त, सुरक्षित और संगठित बनाने के लिए उनके प्रशासनिक एवं राष्ट्रीय दृष्टिकोण से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने समाज के समग्र विकास हेतु राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा दिए गए ‘पंच परिवर्तन’ के संदेश को अपनाने का आह्वान किया। इनमें स्व का परिवर्तन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन तथा नागरिक कर्तव्यों का पालन शामिल है।
कार्यक्रम में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक एकता एवं सांस्कृतिक जागरण के विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। आयोजन में लगभग 200 स्वयंसेवकों की सक्रिय सहभागिता रही। अंत में सभी उपस्थित जनों ने राष्ट्रहित एवं समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!