लखीसराय में ईबीसी कांग्रेस की बैठक, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर

लखीसराय, 10 अगस्त 2026।
जिला कांग्रेस कमिटी कार्यालय, लखीसराय के प्रांगण में सोमवार को अत्यंत पिछड़ा वर्ग (ईबीसी) कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता लखीसराय जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष अमरेश कुमार अनीश ने की। बैठक में ईबीसी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शशि भूषण पंडित मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन ईबीसी कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र राज चंद्रवंशी ने किया। इस दौरान ईबीसी कांग्रेस के प्रदेश प्रधान महासचिव विनय कुमार गुड्डू, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार, प्रदेश सचिव ब्रह्मदेव चौरसिया सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लोगों को कांग्रेस संगठन से जोड़ने, संगठन को पंचायत एवं बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा समाज के बीच कांग्रेस की नीतियों एवं विचारधारा को पहुंचाने पर विशेष चर्चा हुई। नेताओं ने कहा कि अत्यंत पिछड़ा वर्ग समाज की राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक भागीदारी को मजबूत किए बिना समावेशी विकास की कल्पना अधूरी है।
प्रदेश अध्यक्ष शशि भूषण पंडित ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि ईबीसी कांग्रेस को गांव-गांव और बूथ-बूथ तक सक्रिय किया जाएगा। समाज के वंचित एवं पिछड़े वर्गों की समस्याओं को मजबूती से उठाना संगठन की प्राथमिकता होगी।
बैठक में उपस्थित नेताओं ने आपसी समन्वय के साथ संगठन विस्तार तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का संकल्प लिया। इस दौरान विभिन्न जिलों एवं क्षेत्रों से आए पदाधिकारियों ने भी संगठन की गतिविधियों और क्षेत्रीय समस्याओं से संबंधित अपने विचार रखे।
बैठक में सुनील प्रसाद, सुधीर कुमार, महेंद्र राम, सोनू कुमार, वीरेंद्र कुमार, सुमंत कुमार, सिंटू कुमार, मनोज कुमार सहित कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद थे।
बैठक के अंत में उपस्थित नेताओं ने ईबीसी समाज के अधिकार, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी को लेकर संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने का संकल्प लिया।




