प्रशासनिक

जन सुनवाई में डीएम ने सुनीं आम नागरिकों की समस्याएं, भूमि विवाद व दाखिल-खारिज के मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

 

मुंगेर में जन सुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादी, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने अधिकारियों को निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच का दिया निर्देश

मुंगेर, 10 अगस्त 2026। आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय परिसर में जन सुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

जन सुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया। प्राप्त आवेदनों में अधिकांश मामले भूमि विवाद, भूमि अतिक्रमण, दाखिल-खारिज तथा राजस्व से संबंधित थे।

सफियाबाद निवासी मुन्नी देवी ने दबंगों द्वारा जान-माल की क्षति पहुंचाने की आशंका जताते हुए उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने की शिकायत की। वहीं टेटिया बंबर के रूपौहुआ निवासी उषा देवी ने अंचलाधिकारी द्वारा उनके दाखिल-खारिज आवेदन को अस्वीकृत किए जाने की शिकायत जिलाधिकारी से की।

इसी प्रकार संग्रामपुर के सरौना निवासी किसानों ने बेलहरनी नदी से अतिक्रमण हटाने की मांग की। किसानों ने बताया कि नदी क्षेत्र में अतिक्रमण के कारण आसपास की कृषि योग्य भूमि की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिससे खेती-किसानी पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

वहीं पटना के मसौढ़ी खुर्द निवासी सत्यदेव दास ने बिहार पुलिस में कार्यरत अपने बड़े पुत्र सत्यानंद दास के असामयिक निधन के बाद मिलने वाले मुआवजे तथा अनुकंपा के आधार पर नौकरी दिलाने का अनुरोध जिलाधिकारी से किया।

जिलाधिकारी ने जन सुनवाई के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों की गंभीरता से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक मामले की निष्पक्ष, गंभीर एवं समयबद्ध जांच करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। जन सुनवाई के माध्यम से प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर शिकायतों के प्रभावी निष्पादन की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

डिजिटल दर्पण न्यूज़ | मुंगेर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!