मदर डेयरी प्लांट निर्माण में तेजी लाने का निर्देश, जिलाधिकारी ने किया स्थल निरीक्षण

मुंगेर, 05 अगस्त 2026। जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने बुधवार को जमालपुर ईस्ट कॉलोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रस्तावित मदर डेयरी प्लांट के निर्माण स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की तथा कार्य प्रारंभ करने में आ रही समस्याओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों से प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन, मदर डेयरी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि मदर डेयरी प्लांट की स्थापना जिले के दुग्ध उत्पादकों और उपभोक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना है, जिससे दुग्ध उत्पादन, विपणन और किसानों की आय में वृद्धि होगी।
उन्होंने संबंधित विभागों एवं मदर डेयरी के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्माण कार्य में आ रही सभी बाधाओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी औपचारिकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करते हुए निर्माण कार्य अविलंब शुरू कराने पर बल दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि परियोजना को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वित रूप से कार्य करें, ताकि इसका लाभ जिले के दुग्ध उत्पादकों एवं आम जनता को जल्द से जल्द मिल सके।




