लोकल न्यूज़

कुलपति व कुलसचिव को SSAI का ज्ञापन, PAT-PG रिफंड और केडीएस कॉलेज की समस्याओं के समाधान की मांग

 

मुंगेर, 30 जुलाई। सोशलिस्ट स्टूडेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (SSAI) के अध्यक्ष एवं छात्र नेता अभिषेक आनंद ने गुरुवार को मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलपति एवं कुलसचिव से मुलाकात कर छात्रहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर अलग-अलग ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में PAT 2024, PAT 2025 एवं पीजी स्पॉट नामांकन (सत्र 2025-27) के लंबित रिफंड तथा केडीएस कॉलेज, गोगरी की वर्षों से लंबित आधारभूत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।

अभिषेक आनंद ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा PAT एवं पीजी स्पॉट नामांकन के कई ऑनलाइन आवेदन निरस्त किए जाने के बाद आवेदन शुल्क वापस करने की घोषणा की गई थी। इसके बावजूद बड़ी संख्या में छात्रों को अब तक रिफंड नहीं मिल सका है, जिससे विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि लंबित सभी रिफंड का शीघ्र भुगतान किया जाए तथा रिफंड प्राप्त करने वाले और लंबित अभ्यर्थियों की सूची विश्वविद्यालय के आधिकारिक पोर्टल पर सार्वजनिक की जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और जवाबदेह बन सके।

ज्ञापन में केडीएस कॉलेज, गोगरी की मूलभूत समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 से लगातार कुलपति एवं कुलसचिव को कई बार पत्र और ज्ञापन देकर समस्याओं से अवगत कराया गया है। विश्वविद्यालय द्वारा पत्र निर्गत किए जाने के बावजूद अब तक धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे हजारों छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में महाविद्यालय की जर्जर चारदीवारी की मरम्मत, आरओ प्लांट एवं वाटर कूलर की स्थापना, छात्राओं के लिए कॉमन रूम, नियमित साफ-सफाई, बंद पड़ी विज्ञान प्रयोगशालाओं को उपकरण उपलब्ध कराकर चालू करने, साइकिल एवं मोटरसाइकिल स्टैंड के निर्माण, स्थायी सुरक्षा प्रहरियों की नियुक्ति, सीसीटीवी कैमरे लगाने, वर्षों से अधूरे महिला छात्रावास का निर्माण, जर्जर एवं अपर्याप्त कक्षाओं की मरम्मत, नए स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक पुस्तकालय भवन, ऑडिटोरियम, परिसर में समुचित प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास की मांग की गई।

अभिषेक आनंद ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधारभूत सुविधाएं अनिवार्य हैं। यदि छात्रों को सुरक्षित एवं सुविधायुक्त परिसर उपलब्ध नहीं कराया गया तो इसका सीधा असर उनकी पढ़ाई और भविष्य पर पड़ेगा। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से इन मांगों पर समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि संगठन लगातार लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से छात्रहित की आवाज उठाता रहा है और उम्मीद है कि विश्वविद्यालय प्रशासन इन मांगों पर गंभीरता से विचार करेगा। यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो छात्रहित में संगठन व्यापक लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू करने को बाध्य होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!