श्रावणी मेला: शिव-पार्वती सेवा दल के निःशुल्क शिविर का शुभारंभ, पूरे सावन 38 प्रकार की मिलेंगी सेवाएं

मुंगेर/तारापुर, 29 जुलाई। श्रावणी मेला के अवसर पर तारापुर अनुमंडल क्षेत्र के लौरिया मड़वा स्थित कच्ची कांवरिया मार्ग पर शिव-पार्वती सेवा दल द्वारा संचालित निःशुल्क कांवरिया सेवा शिविर का शुभारंभ बुधवार को दीप प्रज्वलित कर किया गया। शिविर का उद्घाटन मुंगेर नगर निगम की मेयर कुमकुम देवी एवं तारापुर के पूर्व विधायक राजीव कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष अजय कुमार भगत एवं सचिव राम प्रसाद शाह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मेयर कुमकुम देवी ने कहा कि बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए कांवरिये 105 किलोमीटर की कठिन यात्रा तय करते हैं। ऐसे में सेवा शिविर श्रद्धालुओं को बड़ी राहत प्रदान करते हैं। उन्होंने शिविर के संचालकों की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं।
पूर्व विधायक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा भी कांवरियों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। इसके साथ ही निजी संस्थाओं द्वारा लगाए जा रहे सेवा शिविर भी श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुंगेर शहर के लोगों द्वारा क्षेत्र में लगाया गया यह शिविर कांवरियों के लिए एक बेहतर सुविधा केंद्र है।
संस्था के अध्यक्ष अजय कुमार भगत एवं सचिव राम प्रसाद शाह ने बताया कि पिछले 18 वर्षों से मुंगेर शहर के लोगों के सहयोग से यह सेवा शिविर कच्ची कांवरिया मार्ग पर लगाया जा रहा है। इस वर्ष भी 29 जुलाई से पूरे सावन माह तक शिविर संचालित रहेगा।
उन्होंने बताया कि शिविर में कांवरियों के लिए 38 प्रकार की निःशुल्क सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें गर्म एवं ठंडा जल, नींबू पानी, सत्तू, ग्लूकोज-डी, चाय, फल, भोजन एवं नाश्ता, मालिश, प्राथमिक चिकित्सा, दवा, मोबाइल चार्जिंग, खोया-पाया केंद्र, रात्रि विश्राम, स्नानागार, शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम में आकाशदीप कुमार, राजीव कुमार, अभिषेक कुमार, निर्भय कुमार, बबलू, अमित कुमार, दीपू, दिलीप कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।




