मुंगेर में विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 का शुभारंभ, कच्ची कांवरिया पथ पर पहली बार सात आधुनिक टेंट सिटी की व्यवस्था

मुंगेर, 28 जुलाई 2026। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 का मंगलवार को मुंगेर जिले के असरगंज प्रखंड अंतर्गत कच्ची कांवरिया पथ के प्रारंभिक बिंदु कमराय से जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने दीप प्रज्ज्वलित एवं फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। भगवान भोलेनाथ के जयकारों और भक्तिमय वातावरण के बीच श्रावणी मेला का शुभारंभ हुआ।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, अपर समाहर्ता मनोज कुमार, उप विकास आयुक्त अजीत कुमार सिंह, सिविल सर्जन डॉ. राजू, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से जिला प्रशासन द्वारा युद्धस्तर पर तैयारियां की गई हैं, ताकि देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले कांवरिया श्रद्धालुओं को 26 किलोमीटर लंबे कच्ची कांवरिया पथ पर सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिल सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष पहली बार कांवरिया पथ पर सात आधुनिक टेंट सिटी का निर्माण कराया गया है। यहां श्रद्धालुओं के विश्राम, पेयजल, प्रकाश, शौचालय, चिकित्सा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही प्रतिदिन भक्ति गीत, भजन, सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होगा, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण के साथ मनोरंजन का अवसर भी मिलेगा।
उन्होंने कहा कि पूरे कांवरिया पथ पर पेयजल, चिकित्सा सहायता, एम्बुलेंस, स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता, विद्युत प्रकाश, सुरक्षा व्यवस्था, नियंत्रण कक्ष, सूचना सहायता केंद्र तथा आपदा प्रबंधन की व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति चौबीसों घंटे श्रद्धालुओं की सेवा के लिए की गई है।
जिलाधिकारी ने दुकानदारों से गुणवत्तापूर्ण भोजन उचित दर पर उपलब्ध कराने की अपील करते हुए कहा कि दूषित खाद्य सामग्री बेचने अथवा श्रद्धालुओं के साथ किसी प्रकार की धोखाधड़ी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी दुकानदारों के लिए विद्युत कनेक्शन लेना अनिवार्य होगा तथा पेयजल की अनावश्यक बर्बादी करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में निकटतम सहायता केंद्र या प्रतिनियुक्त अधिकारियों से संपर्क करने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने कहा कि संपूर्ण कांवरिया पथ पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी एवं गश्ती दल की तैनाती की गई है तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।
उद्घाटन के उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कच्ची कांवरिया पथ के प्रारंभिक बिंदु पर स्थापित चिकित्सा शिविर का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता एवं गुणवत्ता सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने देने के निर्देश दिए।
‘हर-हर महादेव’ के गगनभेदी जयघोष और भक्तिमय माहौल के बीच विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 का शुभारंभ श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।




