प्रशासनिकलोकल न्यूज़

जनता दरबार में जिलाधिकारी ने सुनीं 25 लोगों की समस्याएं, त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

मुंगेर, 12 जून 2026: जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर द्वारा आयोजित साप्ताहिक “जनता के दरबार में जिलाधिकारी” कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई की गई। जन सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने कुल 25 आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में राशन वितरण, भुगतान, अतिक्रमण, सामाजिक सुरक्षा तथा आंगनबाड़ी केंद्रों से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। कौड़ा मैदान निवासी उमा नंदनी देवी ने शिकायत की कि पिछले छह माह से उनके राशन कार्ड पर खाद्यान्न का वितरण नहीं हो रहा है तथा उनका राशन कार्ड बंद कर दिया गया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।
वहीं हवेली खड़गपुर के संवेदक राघवेंद्र कुमार ने आवेदन देकर बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा आवंटित कार्य पूरा करने के बावजूद अब तक भुगतान नहीं किया गया है। सोझी घाट निवासी सुरेश दास ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद उनकी दुकान हट जाने से परिवार के भरण-पोषण में कठिनाई होने की शिकायत दर्ज कराई।
इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-116 की सहायिका रीता कुमारी ने केंद्र की सेविका वंदना कुमारी पर प्रताड़ित करने तथा उनकी उपस्थिति दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया। जिलाधिकारी ने इस मामले में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) को निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में प्राप्त अन्य सभी आवेदनों पर भी जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को समयबद्ध जांच कर समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी मामलों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!