मुंगेर: तारापुर अनुमंडल अस्पताल में डायलसिस यूनिट का शुभारंभ, अब स्थानीय स्तर पर मिलेगी किडनी मरीजों को राहत

मुंगेर के तारापुर अनुमंडल अस्पताल में डायलसिस यूनिट शुरू हो गई है। राशन कार्डधारी पात्र मरीजों को निःशुल्क डायलसिस सुविधा मिलेगी, जबकि अन्य मरीजों के लिए भी न्यूनतम शुल्क निर्धारित किया गया है।
मुंगेर | डिजिटल दर्पण न्यूज़ | 06 अगस्त 2026
मुंगेर जिले के अनुमंडल अस्पताल, तारापुर में गुरुवार को डायलसिस यूनिट का शुभारंभ कर दिया गया। इस सुविधा के शुरू होने से अब किडनी रोग से पीड़ित मरीजों को डायलसिस के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। मरीजों को अब अपने अनुमंडल स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध हो सकेगा।

यह डायलसिस सेवा पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत नेफ्रो प्लस एजेंसी के सहयोग से शुरू की गई है। इस व्यवस्था के तहत राशन कार्डधारी पात्र लाभार्थियों को डायलसिस की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क प्रदान की जाएगी, जबकि अन्य मरीजों के लिए भी यह सेवा सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम शुल्क पर उपलब्ध रहेगी।
सिविल सर्जन डॉ. राजू ने कहा कि डायलसिस यूनिट के संचालन से विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर एवं गंभीर किडनी रोगियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब मरीजों को नियमित डायलसिस के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी, जिससे समय और आर्थिक व्यय दोनों की बचत होगी तथा समय पर उपचार सुनिश्चित हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य आमजन को उनके निकट बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में अनुमंडल अस्पताल, तारापुर में डायलसिस यूनिट की शुरुआत एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने लोगों से आवश्यकता पड़ने पर इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील भी की।
सिविल सर्जन ने जानकारी दी कि अब मुंगेर सदर अस्पताल, हवेली खड़गपुर अनुमंडल अस्पताल तथा तारापुर अनुमंडल अस्पताल में डायलसिस यूनिट संचालित होने से जिले के अधिक से अधिक मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
डायलसिस यूनिट के शुभारंभ के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, नेफ्रो प्लस एजेंसी के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।