राजनीतिलोकल न्यूज़

“यह गवर्नमेंट ऑफ इंडिया नहीं, गवर्नमेंट ऑफ अडानी है” : सपा

महंगाई, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक जुल्म के खिलाफ बड़े जनआंदोलन की तैयारी

मुंगेर। समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष पप्पू यादव ने केंद्र एवं राज्य सरकार पर आम जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश में आम लोगों के हितों की जगह बड़े पूंजीपति घरानों के हितों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार तथा प्रशासनिक जुल्म के खिलाफ अब व्यापक जनआंदोलन की आवश्यकता है।
मुंगेर एवं जमालपुर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर किसानों, नौजवानों, महिलाओं और बुद्धिजीवियों से संपर्क अभियान के दौरान पप्पू यादव ने कहा कि संगठन की मजबूती के साथ-साथ जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लोगों को एकजुट किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से त्रस्त है, जबकि सरकारें चंद पूंजीपति घरानों के हितों की रक्षा में लगी हुई हैं। उन्होंने किसान, मजदूर, छात्र, नौजवान और महिलाओं से आगामी जनआंदोलन के लिए तैयार रहने की अपील की।
इस अवसर पर समाजवादी लोहिया वाहिनी के प्रदेश महासचिव रविकांत झा ने कहा कि बिहार सरकार विकास के दावे करती है, लेकिन मुंगेर जिले में व्याप्त भ्रष्टाचार और कथित लूट-खसोट पर अंकुश लगाने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि डीसीएलआर और विभिन्न अंचल कार्यालयों में गरीबों के अधिकारों का हनन हो रहा है तथा आम लोगों को न्याय के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इन मुद्दों को लेकर बड़ा आंदोलन खड़ा करेगी।
मीडिया प्रभारी मनोज क्रांति तथा धरहरा प्रखंड अध्यक्ष नीरज यादव ने भी जिले में व्याप्त भ्रष्टाचार, लूट-खसोट, प्रशासनिक एवं पुलिसिया जुल्म के खिलाफ किसानों, मजदूरों और युवाओं से संघर्ष के लिए आगे आने की अपील की।
कार्यक्रम में ईश्वर मंडल, कालेश्वर महतो, लक्ष्मण मंडल, बाल्मीकि सिंह, अनिल सिंह, राजेश झा, उत्तम शर्मा, गोपाल यादव, नीरज मंडल, चन्द्रशेखर यादव सहित बड़ी संख्या में किसान, युवा एवं बुद्धिजीवी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!