जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की बैठक सम्पन्न, पीडीएस व्यवस्था में पारदर्शिता एवं समयबद्ध खाद्यान्न वितरण पर जोर

मुंगेर, 10 जून 2026। जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित सभागार में जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के संचालन, खाद्यान्न वितरण, राशन कार्ड संबंधी मामलों तथा उपभोक्ताओं को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने की व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी प्रखंडों में पीडीएस दुकानों के माध्यम से खाद्यान्न वितरण की अद्यतन स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों को निर्धारित मात्रा एवं गुणवत्ता के अनुरूप समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत मिलने पर संबंधित जन वितरण प्रणाली विक्रेता के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने राशन कार्ड निर्माण, संशोधन एवं आधार सीडिंग कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया। साथ ही पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने तथा अपात्र व्यक्तियों के नाम हटाकर पात्र लाभुकों को जोड़ने की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर बल दिया।
बैठक में उचित मूल्य दुकानों के नियमित निरीक्षण, ई-पॉस मशीनों के सुचारू संचालन तथा वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को नियमित क्षेत्रीय भ्रमण कर पीडीएस व्यवस्था की निगरानी करने एवं प्राप्त शिकायतों का त्वरित निवारण सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने खाद्यान्न उठाव एवं वितरण कार्यों की सतत निगरानी बनाए रखने तथा वितरण प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न होने देने के लिए आवश्यक समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया। साथ ही उपभोक्ताओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और शिकायत निवारण तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।
बैठक में जिले में रसोई गैस की नियमित आपूर्ति एवं पीएनजी कनेक्शन की अद्यतन स्थिति पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को गैस आपूर्ति सुचारू बनाए रखने तथा अधिक से अधिक घरों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




