
समस्तीपुर, 8 जून। सोशल मीडिया पर कक्षा में एक महिला के सोते हुए दिखने वाले वायरल वीडियो को लेकर शिक्षा विभाग ने जांच कराई है। जांच में स्पष्ट हुआ कि वायरल वीडियो पटोरी प्रखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय चकसबीब का है, जो मार्च 2026 का बताया जा रहा है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) समस्तीपुर के अनुसार, वीडियो सामने आने के बाद प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) पटोरी ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा था। जांच में विद्यालय प्रशासन ने बताया कि वीडियो में दिखाई देने वाली महिला विद्यालय की शिक्षिका नहीं, बल्कि टोला सेवक खुशबू कुमारी हैं। तबीयत खराब होने के कारण वे विश्रामावकाश के दौरान कुछ समय के लिए आराम कर रही थीं। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए बीईओ पटोरी ने 24 अप्रैल 2026 को आदेश जारी कर सभी शिक्षकों एवं कर्मियों को कार्यालय अथवा कक्षा में मोबाइल फोन के अनावश्यक उपयोग से बचने तथा समयबद्ध ढंग से अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया था। आदेश में कहा गया है कि निरीक्षण के दौरान किसी कर्मचारी द्वारा मोबाइल फोन का अनुचित उपयोग पाए जाने पर उसके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, जिला शिक्षा कार्यालय ने 8 जून 2026 को सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों एवं प्रधानाध्यापकों को पुनः निर्देश जारी करते हुए विद्यालयों में विभागीय मानकों के अनुरूप पठन-पाठन सुनिश्चित करने तथा कक्षा संचालन के दौरान मोबाइल फोन के उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने को कहा है।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि संबंधित विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियां नियमित रूप से संचालित हो रही हैं तथा अनुशासन बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं।




