प्रशासनिकलोकल न्यूज़

12 वर्षों बाद सजा ज्ञान का महाकुंभ: जिलाधिकारी ने किया मुंगेर पुस्तक मेला-2026 का उद्घाटन

ज्ञान, साहित्य, संस्कृति एवं बौद्धिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित मुंगेर पुस्तक मेला-2026 का शुभारंभ गुरुवार को स्थानीय इंडोर स्टेडियम में जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन समारोह में साहित्य प्रेमियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।


कार्यक्रम के प्रारंभ में आयोजक चंद्र भूषण ने जिलाधिकारी को अंगवस्त्र एवं पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में इस प्रकार के पुस्तक मेले का आयोजन होना अत्यंत सुखद है, हालांकि पिछले 12 वर्षों से ऐसे आयोजन का नहीं होना चिंताजनक रहा है। उन्होंने कहा कि पुस्तकें समाज को दिशा देने के साथ-साथ व्यक्ति के बौद्धिक, नैतिक एवं सांस्कृतिक विकास की आधारशिला हैं।
उन्होंने युवाओं एवं विद्यार्थियों से पुस्तक मेले में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने तथा विभिन्न विषयों की पुस्तकों का अध्ययन कर अपने ज्ञान का विस्तार करने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने कहा कि पुस्तक मेला केवल पुस्तकों की खरीद-बिक्री का मंच नहीं, बल्कि विचारों के आदान-प्रदान, साहित्यिक संवाद और बौद्धिक चेतना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उद्घाटन के बाद जिलाधिकारी ने विभिन्न पुस्तक स्टॉलों का निरीक्षण किया और प्रकाशकों व पुस्तक विक्रेताओं से उपलब्ध पुस्तकों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों, बच्चों एवं युवाओं के लिए उपलब्ध पुस्तकों की विविधता की सराहना की।
मेले में साहित्य, इतिहास, विज्ञान, तकनीक, कला, संस्कृति, बाल साहित्य, धार्मिक एवं आध्यात्मिक ग्रंथों सहित विभिन्न विषयों की हजारों पुस्तकें प्रदर्शित की गई हैं। स्थानीय लेखकों की रचनाओं के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त साहित्यकारों की पुस्तकों को भी स्थान दिया गया है। मेले के दौरान विभिन्न साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
वक्ताओं ने पुस्तक संस्कृति को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि पुस्तकें सकारात्मक सोच, रचनात्मकता और जागरूकता के विकास का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने लोगों से पुस्तकों को अपना मित्र बनाने और नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने का आह्वान किया।
समारोह में उप विकास आयुक्त अजीत कुमार सिंह, जिला खेल पदाधिकारी कमल किशोर, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी अंकित कुमार सहित शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, साहित्यकार, प्रकाशक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
मुंगेर पुस्तक मेला-2026 आगामी 14 जून तक प्रतिदिन पूर्वाह्न 11 बजे से शाम 6 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से इस ज्ञानोत्सव में शामिल होकर पठन-पाठन की संस्कृति को मजबूत करने की अपील की है। :::

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!