हरि सिंह महाविद्यालय में बी.कॉम, उर्दू और भूगोल की पढ़ाई शुरू करने की मांग, SSAI ने प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन

हवेली खड़गपुर, 16 जून 2026। सोशलिस्ट स्टूडेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (SSAI) की हरि सिंह महाविद्यालय इकाई के अध्यक्ष राजू कुमार ने मंगलवार को महाविद्यालय के प्राचार्य को एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपकर स्नातक स्तर पर बी.कॉम, उर्दू और भूगोल विषयों की पढ़ाई जल्द शुरू करने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि हवेली खड़गपुर अनुमंडल क्षेत्र के हजारों छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक हितों को ध्यान में रखते हुए इन विषयों की पढ़ाई महाविद्यालय में अविलंब प्रारंभ की जानी चाहिए। राजू कुमार ने कहा कि हरि सिंह महाविद्यालय इस ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी क्षेत्र का प्रमुख उच्च शिक्षा केंद्र है, जो मुंगेर विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित होता है। इसके बावजूद यहां कई महत्वपूर्ण, रोजगारपरक और व्यावहारिक विषयों की पढ़ाई उपलब्ध नहीं है, जिससे स्थानीय विद्यार्थियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों में वाणिज्य, उर्दू और भूगोल विषयों के प्रति विशेष रुचि है, लेकिन इन विषयों की पढ़ाई महाविद्यालय में नहीं होने के कारण छात्रों को मुंगेर जिला मुख्यालय अथवा अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों के लिए यह अतिरिक्त बोझ साबित होता है।
इस अवसर पर छात्र नेता आदित्य ओम ने कहा कि महाविद्यालय में बी.कॉम की नियमित पढ़ाई शुरू की जाए तथा विद्यार्थियों की मांग के अनुरूप उर्दू और भूगोल विषय की मान्यता एवं शिक्षण व्यवस्था भी शीघ्र बहाल की जाए। उन्होंने महाविद्यालय प्रशासन से मुंगेर विश्वविद्यालय के साथ समन्वय स्थापित कर आगामी शैक्षणिक सत्र से इन पाठ्यक्रमों को शुरू कराने की मांग की।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इन विषयों की पढ़ाई शुरू होने से विशेष रूप से छात्राओं को लाभ मिलेगा। वर्तमान में परिवहन और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों के कारण कई छात्राएं उच्च शिक्षा बीच में छोड़ने को मजबूर हो जाती हैं। स्थानीय स्तर पर इन विषयों की उपलब्धता महिला शिक्षा और सशक्तिकरण को नई दिशा देगी।
राजू कुमार ने कहा कि छात्र हित से जुड़ी इन न्यायसंगत मांगों पर महाविद्यालय प्रशासन शीघ्र सकारात्मक पहल करे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो छात्र हित में आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
इस दौरान SSAI के कई कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे और मांगों के समर्थन में अपनी एकजुटता प्रदर्शित की।




