NEET (UG)-2026 परीक्षा को लेकर मुंगेर प्रशासन सतर्क, परीक्षा केन्द्रों का किया गया निरीक्षण

मुंगेर, 19 जून 2026। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA), भारत सरकार द्वारा आयोजित NEET (UG)-2026 परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर मुंगेर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शुक्रवार को अपर समाहर्ता ने जिले के निर्धारित परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिले में 21 जून 2026 को एकल पाली में दोपहर 2:00 बजे से 5:00 बजे तक परीक्षा आयोजित होगी। इसके लिए पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय, जमालपुर, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, मुंगेर तथा बैजनाथ राजकीय बालिका +2 विद्यालय, पीपलपांती रोड, मुंगेर को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता ने प्रवेश व्यवस्था, फ्रिस्किंग, दस्तावेज सत्यापन, सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने केन्द्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि NTA के सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
अपर समाहर्ता ने बताया कि NEET (UG)-2026 देशभर के चिकित्सा संस्थानों में स्नातक चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली अत्यंत महत्वपूर्ण परीक्षा है। परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रत्येक केन्द्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा केन्द्रों में प्रवेश से पूर्व प्रत्येक अभ्यर्थी की सघन तलाशी ली जाए तथा केवल वैध प्रवेश-पत्र एवं अनुमन्य सामग्री के साथ ही प्रवेश दिया जाए। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री के साथ किसी भी परीक्षार्थी को केन्द्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
साथ ही अभ्यर्थियों के प्रवेश-पत्र एवं पहचान पत्रों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सत्यापन करने तथा परीक्षा अवधि के दौरान केन्द्र परिसर एवं आसपास विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अफवाह, अनियमितता अथवा कदाचार की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाएगी।




