मुख्यमंत्री के संभावित मुंगेर दौरे की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

मुंगेर, 25 जून। बिहार के माननीय मुख्यमंत्री के संभावित मुंगेर आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर एवं पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने टेटिया बम्बर प्रखंड अंतर्गत प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न कार्यक्रम स्थलों पर चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी तारापुर/हवेली खड़गपुर राजीव रोशन सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी, तकनीकी पदाधिकारी तथा कार्य एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा कार्यक्रम स्थलों की साफ-सफाई, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते सुनिश्चित करें।
उन्होंने सुरक्षा मानकों के अनुरूप सभी तैयारियां पूरी करने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम से संबंधित किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी तैयारियां तय समय के भीतर पूरी कर ली जाएं।
प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं, ताकि कार्यक्रम का सफल एवं सुचारू आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।




