देसरी की जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, रंजीत पंडित बोले—जनता अब आश्वासन नहीं, ठोस कार्रवाई चाहती है

एस.पी.एस. कॉलेज मैदान से लेकर रेलवे ओवरब्रिज और ट्रेन ठहराव तक उठी आवाज, मांगें पूरी नहीं हुईं तो चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी
देसरी, वैशाली | 10 अगस्त 2026।
देसरी की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं, छात्र-युवाओं, खिलाड़ियों एवं स्थानीय नागरिकों ने देसरी प्रखंड कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने एस.पी.एस. कॉलेज खेल मैदान के गड्ढे की भराई एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, देसरी में रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का निर्माण, महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव, सरदार वल्लभभाई पटेल रेलवे स्टेडियम के सौंदर्यीकरण तथा रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग उठाई।

प्रदर्शन की शुरुआत एस.पी.एस. कॉलेज खेल मैदान से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र, युवा, खिलाड़ी, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद आयोजित सभा की अध्यक्षता अभिषेक कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन गौतम कुमार यादव ने किया।
जनता अब आश्वासन नहीं, ठोस कार्रवाई चाहती है : रंजीत पंडित
सभा को संबोधित करते हुए वैशाली जिला कांग्रेस कमिटी के जिलाध्यक्ष रंजीत पंडित ने कहा कि देसरी रेलवे फाटक पर प्रतिदिन लगने वाला जाम आम लोगों के लिए गंभीर समस्या बना हुआ है। रेलवे फ्लाईओवर की मांग वर्षों पुरानी है, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस पहल नहीं हुई है।
उन्होंने स्थानीय सांसद चिराग पासवान से सवाल करते हुए कहा कि देसरी की इस गंभीर समस्या को उन्होंने संसद और रेल मंत्रालय के समक्ष कितनी बार उठाया है। उन्होंने कहा कि देसरी की जनता अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई चाहती है। जनसमस्याओं के प्रति सरकार और जनप्रतिनिधियों की चुप्पी को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
खेल मैदान में गड्ढा बना दुर्घटना का खतरा
सभा की अध्यक्षता कर रहे अभिषेक कुमार सिंह ने कहा कि एस.पी.एस. कॉलेज का खेल मैदान हजारों छात्र-युवाओं के लिए खेलकूद के साथ-साथ सेना एवं पुलिस भर्ती की तैयारी का महत्वपूर्ण केंद्र है। मैदान में वर्षों से मौजूद बड़ा गड्ढा दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। वहीं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण युवाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मो. रुस्तम एवं अनीश कुमार ने कहा कि खेल मैदान की समस्या को लेकर पिछले चार वर्षों से लगातार आवेदन दिए जा रहे हैं। पंचायती राज विभाग के निदेशक एवं मुख्यमंत्री सचिवालय के निर्देश के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
उन्होंने आरटीआई से प्राप्त जानकारी का हवाला देते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा बताया गया कि जिला परिषद सदस्य की अनुशंसा नहीं होने के कारण कार्य को वार्षिक कार्य योजना में शामिल नहीं किया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनहित के कार्य को केवल अनुशंसा के अभाव में वर्षों तक लंबित रखना सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है।
बीडीओ ने प्रतिनिधिमंडल से की वार्ता
प्रदर्शन के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी मोनिका कुमारी ने कांग्रेस के छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से वार्ता की। उन्होंने अपने स्तर से संभव कार्य कराने तथा नीतिगत मांगों को सरकार तक भेजने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में जिला कांग्रेस अध्यक्ष रंजीत पंडित, अभिषेक कुमार सिंह, मो. रुस्तम, अनीश कुमार, नवनीत कुमार एवं संजीव कुमार यादव शामिल थे।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो चरणबद्ध आंदोलन
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि देसरी की इन प्रमुख जनसमस्याओं पर शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा तथा चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।
प्रदर्शन में अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष उत्तम कुमार ठाकुर, सुबोध पासवान, प्रदीप कुमार सिंह, राहुल कुमार, रूपक, दीपक पासवान, दिनेश राय उर्फ टाईगर, मंजय कुमार यादव, अर्जुन मांझी, शंकर यादव, विशाल, आदित्य कुमार पंडित, अशोक कुमार टिंकू, प्रशांत कुमार, मुन्ना साह, बिट्टू, लड्डू, गणेश पंडित, डॉ. चंद्रमोहन पंडित, मो. सद्दाम, रोबिन कुमार, विक्रम कुमार, आलोक, राजा, अंकित, सत्या, रौशन, रोहन, नवीन, राजेश, आलोक सहित दर्जनों छात्र, युवा, खिलाड़ी एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
— डिजिटल दर्पण न्यूज़




