राजनीतिलोकल न्यूज़

लालू-राबड़ी की सुरक्षा में कटौती बदले की भावना से की गई कार्रवाई : राजद

मुंगेर, 5 जून। बिहार सरकार द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री श्री लालू प्रसाद एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती राबड़ी देवी की पूर्व में प्राप्त जेड प्लस सुरक्षा हटाए जाने पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। राजद बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव प्रो. विनय कुमार सुमन, जिला युवा राजद अध्यक्ष मोहम्मद आसिफ वसीम, एससी-एसटी प्रकोष्ठ के पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक रजक, जिला युवा राजद महासचिव राजा कुशवाहा, सदर प्रखंड राजद अध्यक्ष अशोक चौधरी तथा जमालपुर प्रखंड राजद अध्यक्ष मोहम्मद कौसर फैयाज ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बताया है।
राजद नेताओं ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद को अपमानित करने की नीयत से सरकार लगातार कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को आवंटित 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली कराने के लिए भवन निर्माण विभाग द्वारा पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है।
नेताओं ने आरोप लगाया कि बिहार में कई ऐसे पूर्व जनप्रतिनिधि हैं जो वर्तमान में न तो विधानसभा और न ही विधान परिषद के सदस्य हैं, इसके बावजूद वे अब भी सरकारी आवासों में रह रहे हैं। वहीं वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, नीतीश कुमार, जीतन राम मांझी को जेड प्लस सुरक्षा तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को जेड सुरक्षा उपलब्ध है। इसके अलावा पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद एवं रेणु देवी को वाई प्लस सुरक्षा दी जा रही है।
राजद नेताओं ने कहा कि ऐसी स्थिति में लालू प्रसाद और राबड़ी देवी की सुरक्षा व्यवस्था में कटौती करना उनके जान-माल की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने सरकार से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग करते हुए कहा कि विपक्षी नेताओं के खिलाफ बदले की राजनीति बंद की जाए।
नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस प्रकार की कार्रवाई जारी रखी तो राष्ट्रीय जनता दल सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन चलाकर इसका विरोध करेगा और सरकार को जनता के बीच जवाब देना होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!