विश्व पर्यावरण दिवस पर युवाओं ने मुलुकटाड़ में किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

हवेली खड़गपुर, 05 जून: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हवेली खड़गपुर प्रखंड के मुलुकटाड़ गांव में युवाओं द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान युवाओं ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए तथा उनकी देखभाल का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे नितेश मिश्रा ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास हरियाली बढ़ाने तथा पर्यावरण को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाए रखने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
युवाओं ने कहा कि एक पौधा लगाकर और उसकी नियमित देखभाल कर हम आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण प्रदान कर सकते हैं। पौधारोपण कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का भी प्रयास किया गया।
इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों ने युवाओं के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता सत्यम निराला, शुभम केसरी, बिट्टू मिश्रा, निरंजन मिश्रा सहित कई युवा एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।




