आन्दोलनलोकल न्यूज़

आईटीसी यूनियन चुनाव जल्द कराने की मांग, श्रमिकों ने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का लिया संकल्प

सभा में अध्यक्षता कर रहे आईटीसी श्रमिक संघ (पंजीकरण संख्या–4239) के अध्यक्ष एवं युवा मजदूर नेता जयराज गौतम ने कहा कि वर्ष 2011 के बाद से आईटीसी, मुंगेर की मान्यता प्राप्त यूनियन का चुनाव नहीं कराया जाना श्रमिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने प्रबंधन से शीघ्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी यूनियन चुनाव कराने की मांग की।

मुंगेर, 20 जून। आईटीसी के मुख्य प्रवेश द्वार के समक्ष शनिवार को आईटीसी श्रमिक संघ (पंजीकरण संख्या–4239) के बैनर तले एक गेट मीटिंग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष सह युवा मजदूर नेता जयराज गौतम ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में एटक (AITUC) नेता एवं सीपीआई के प्रवक्ता अमरनाथ उपस्थित रहे।

सभा को संबोधित करते हुए जयराज गौतम ने आईटीसी, मुंगेर में अनुकंपा नियुक्ति के लंबित मामलों पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दिवंगत श्रमिकों के आश्रितों को समय पर अनुकंपा बहाली नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रबंधन से लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने की मांग की।

गेट मीटिंग में यह मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया कि आईटीसी की मान्यता प्राप्त यूनियन का चुनाव वर्ष 2011 के बाद से नहीं कराया गया है। वक्ताओं ने इसे श्रमिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए शीघ्र चुनाव कराने की मांग की।

मुख्य अतिथि अमरनाथ सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि श्रमिकों को उनका वैधानिक एवं लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी यूनियन चुनाव आवश्यक है। इसके अलावा श्रमिक कल्याण, श्रमिक हितों से जुड़े लंबित मामलों तथा अन्य समस्याओं को भी सभा में उठाया गया।

सभा के अंत में उपस्थित श्रमिकों ने अपनी मांगों के समर्थन में एकजुट रहने तथा श्रमिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर अमित मिश्रा, मुकेश कुमार, बीर विक्रम, अश्विनी कुमार, प्रशांत कुमार, धर्मेंद्र कुमार, रमेश कुमार, अभिषेक कुमार, कुमार बाबू, एस.के. पॉल, सुमित कुमार, संतोष यादव, गौतम मिश्रा एवं दौलत कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!