क्राइम

पशु तस्करी में पुलिसकर्मियों की कथित संलिप्तता का खुलासा, यातायात व मुफस्सिल थाना के चार पुलिसकर्मी गिरफ्तार; 35 भैंस बरामद, 4 की मौत

पशु तस्करी के मामले में बड़ा खुलासा : लाइनर समेत 7 गिरफ्तार, 35 भैंस बरामद; 4 की मौत

मुंगेर। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पशुओं के अवैध परिवहन और कथित तस्करी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लाइनर समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक ट्रक से बेरहमी से लादकर ले जाए जा रहे 35 भैंस बरामद किए, जिनमें चार भैंस मृत अवस्था में पाए गए। कार्रवाई के दौरान एक ट्रक, एक अपाचे मोटरसाइकिल, सात मोबाइल फोन और 47 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि सफेद रंग के ट्रक BR19GA-3676 से पशुओं को NH-333B के रास्ते मुंगेर से खगड़िया ले जाया जा रहा है। इस दौरान एक व्यक्ति अपाचे मोटरसाइकिल से लाइनर के रूप में ट्रक को रास्ता दिखा रहा था।

सूचना के बाद वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराते हुए मुफस्सिल थानाध्यक्ष पु०नि० विपिन कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। इसमें जिला आसूचना इकाई, मुंगेर तथा मुफस्सिल थाना के पदाधिकारी और सशस्त्र बल को शामिल किया गया।

विशेष टीम ने कृष्णा सेतु के पास रोको-टोको एवं वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान चंडिका स्थान की ओर से आ रहे अपाचे मोटरसाइकिल सवार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस के अनुसार, चालक ने वाहन घुमाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन सशस्त्र बल के सहयोग से उसे पकड़ लिया गया।

पकड़े गए व्यक्ति की पहचान राकेश कुमार उर्फ घनश्याम, पिता शशिधर प्रसाद यादव, निवासी शंकरपुर, मुफस्सिल थाना, मुंगेर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन, अपाचे मोटरसाइकिल और 42 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।

एसपी के मुताबिक, पूछताछ में राकेश ने अवैध पशु तस्करी में लाइनर के रूप में काम करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर चंडिका स्थान की ओर से आ रहे ट्रक BR19GA-3676 को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में कुल 35 भैंस बेरहमी से लदी मिलीं, जिनमें चार मृत अवस्था में थीं।

ट्रक के चालक की पहचान अमित कुमार उर्फ मैनू, पिता स्व. अशोक साह, निवासी नौरंगा, थाना चौथम, खगड़िया तथा सहायक चालक की पहचान मो. जियाउल हक, पिता मो. हनीफ, निवासी करवा, थाना चौथम, खगड़िया के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, पशुओं के परिवहन से संबंधित संतोषप्रद कागजात दोनों के पास नहीं थे।

तलाशी के दौरान चालक अमित कुमार के पास से स्मार्टफोन और 4,400 रुपये, जबकि सहायक चालक मो. जियाउल हक के पास से कीपैड मोबाइल और 600 रुपये बरामद किए गए।

पुलिसकर्मियों से कथित सांठगांठ का भी खुलासा

एसपी के अनुसार, लाइनर राकेश कुमार उर्फ घनश्याम के मोबाइल की जांच में पशु तस्करी के दौरान कुछ पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों से लगातार संपर्क में रहने की बात सामने आई। पुलिस का दावा है कि तकनीकी अनुसंधान के माध्यम से फोन संपर्क से संबंधित साक्ष्यों का सत्यापन किया गया।

उन्होंने बताया कि पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यातायात थाना में पदस्थापित स०अ०नि० अयोध्या कुमार, चालक सिपाही विमलेश सिंह, गृहरक्षक सिपाही अरविन्द यादव और गृहरक्षक सिपाही अभिलेश कुमार को भी घटना में संलिप्तता के आधार पर गिरफ्तार किया गया।

इस प्रकार पुलिस ने लाइनर, ट्रक चालक और सहायक चालक के अलावा चार पुलिसकर्मियों समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है।

जब्त सामान

  • ट्रक — 01
  • अपाचे मोटरसाइकिल — 01
  • मोबाइल फोन — 07
  • नकद राशि — 47,000 रुपये
  • भैंस — 35, जिनमें 04 मृत

पुलिस ने मामले में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 365/26, दिनांक 07 अगस्त 2026 दर्ज किया है। प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम तथा पशु परिवहन अधिनियम की धाराओं के तहत दर्ज की गई है।

पुलिस के मुताबिक, कांड में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए आगे छापेमारी की जा रही है। मामले का अनुसंधान जारी है।

स्रोत: पुलिस विभाग, मुंगेर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!