पेपर लीक मामले पर कांग्रेस का हमला, सरकार से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

जमुई, 25 जून 2026। जिला कांग्रेस कमिटी जमुई द्वारा गुरुवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में बिहार प्रदेश कांग्रेस द्वारा नियुक्त प्रभारी देवराज सुमन की उपस्थिति रही, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमिटी जमुई के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार गौतम ने की।
प्रेस वार्ता के दौरान हाल के पेपर लीक मामलों को लेकर कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि लगातार हो रही परीक्षा अनियमितताओं ने लाखों छात्रों एवं युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। नेताओं ने कहा कि बार-बार प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं सरकार की विफलता को उजागर करती हैं तथा इससे युवाओं का परीक्षा प्रणाली पर विश्वास कमजोर हो रहा है।
प्रदेश प्रभारी देवराज सुमन ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राएं वर्षों की मेहनत के बाद परीक्षा में शामिल होते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं से उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार गौतम ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने सरकार से परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी।
प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष दिवाकर सिंह, प्रखंड अध्यक्ष सफायत अंसारी, वीरेंद्र मंडल, उदय झा, किसान प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष रामनरेश सिंह, जिला प्रवक्ता सुनील मंडल, सदानंद सिंह, चंद्रशेखर मंडल, पंकज सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने युवाओं के हित में निष्पक्ष जांच, दोषियों की गिरफ्तारी तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग दोहराई।




