विधायक कुमार प्रणय ने नौवागढ़ी के राय पोखर नाला का किया निरीक्षण, जलजमाव व अतिक्रमण हटाने का दिया भरोसा

मुंगेर। मुंगेर सदर प्रखंड अंतर्गत नौवागढ़ी दक्षिणी पंचायत के बजरंगबलीनगर गांव स्थित सरकारी सार्वजनिक राय पोखर नाला का मंगलवार की शाम क्षेत्रीय विधायक कुमार प्रणय ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ नाले की स्थिति का जायजा लिया और क्षेत्र में व्याप्त जलजमाव एवं अतिक्रमण की समस्या की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ पत्रकार रंजीत कुमार विद्यार्थी ने विधायक को बताया कि सरकारी नाले पर अतिक्रमण तथा नियमित साफ-सफाई के अभाव में बजरंगबलीनगर गांव में बरसात के मौसम में लगभग छह महीने तक जलजमाव की स्थिति बनी रहती है। इससे ग्रामीणों को आवागमन सहित कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से सुनने के बाद विधायक कुमार प्रणय ने नाले की स्थिति का अवलोकन किया और आश्वासन दिया कि समस्या के समाधान के लिए शीघ्र आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाएगा ताकि लोगों को राहत मिल सके।
विधायक ने यह भी बताया कि जल्द ही जनसंवाद कार्यक्रम के तहत नौवागढ़ी दक्षिणी पंचायत का दौरा किया जाएगा, जहां स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की दिशा में पहल की जाएगी।
मौके पर गंगा प्रसाद साह, जीतन मंडल, विजय मंडल, राजवीर कुमार, भाजपा नेता मणि शंकर भोलू, अभिनंदन कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।




