लोकल न्यूज़

कलश विसर्जन के साथ नौवागढ़ी में अखंड रामधुन कार्यक्रम संपन्न

हरे राम-हरे कृष्ण, सीताराम के जयघोष से गूंजा क्षेत्र

 

ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में शांति और भाईचारे को बढ़ावा देते हैं : विधायक कुमार प्रणय

मुंगेर जिले के नौवागढ़ी क्षेत्र स्थित श्री श्री 108 अनंतदास जी महाराज मंदिर, बजरंगबलीनगर गांव में आयोजित एकदिवसीय अखंड रामधुन कार्यक्रम का समापन मंगलवार देर रात कलश विसर्जन के साथ संपन्न हो गया। प्रत्येक तीन वर्ष के अंतराल पर लगने वाले मलमास मेले के समापन अवसर पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कलश विसर्जन यात्रा के दौरान “जय श्रीराम”, “हरे राम-हरे कृष्ण” तथा “सीताराम-सीताराम” के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच महेशपुर गंगा तट पर कलश का विसर्जन किया गया। इस अवसर पर 500 से अधिक महिलाओं, कन्याओं और श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुंगेर के क्षेत्रीय विधायक कुमार प्रणय मंदिर पहुंचे और भगवान के दर्शन कर बाबा अनंतदास जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का कार्य करते हैं। विधायक ने आयोजन समिति और स्थानीय ग्रामीणों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए आमंत्रण के लिए आभार व्यक्त किया।
वहीं, नयारामनगर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार वर्मा, सब इंस्पेक्टर रामनारायण यादव सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों को अंगवस्त्र भेंट कर उनका सम्मान किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सामाजिक कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ पत्रकार रंजीत कुमार विद्यार्थी, त्रिवेणी कुमार, चंदन मंडल, पिंटू मंडल, श्याम मंडल, पांडव मंडल, जीतन मंडल, नेपाली मंडल, सुजीत कुमार, सत्यवान मंडल, राजेश कुमार, महेश मंडल, कैलाश कुमार, कुमोद कुमार, बालदेव मंडल, सुभाष मंडल, राजीव कुमार, विजय मंडल, कमलेश्वरी मंडल, संजय मंडल, संजीत ठाकुर, ललन मंडल, वकील साहब, अर्जुन प्रसाद साह, राजो मंडल सहित अनेक ग्रामीणों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
आयोजन समिति के सदस्य रंजीत कुमार विद्यार्थी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!