लोकल न्यूज़स्पेशल

विश्व रक्तदाता दिवस पर रेडक्रॉस का जागरूकता अभियान, युवाओं से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील

मुंगेर, 14 जून। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने हेतु रेडक्रॉस सोसाइटी मुंगेर द्वारा सचिव देव प्रकाश के नेतृत्व में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत मुंगेर किला क्षेत्र के राजा-रानी तालाब, कम्पनी गार्डन, कृष्ण वाटिका, पोलो मैदान सहित पटेल चौक से गांधी चौक तक युवक-युवतियों एवं आम नागरिकों को रक्तदान के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व को दर्शाने वाले हैंडबिल का वितरण किया गया तथा पूरे शहर के विभिन्न क्षेत्रों में प्रचार वाहन के माध्यम से भी लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान को संबोधित करते हुए रेडक्रॉस सोसाइटी मुंगेर के सचिव देव प्रकाश ने कहा कि रक्तदान महादान है। रक्तदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि 18 से 60 वर्ष तक का प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है। नियमित रक्तदान से रक्तदाता भी स्वस्थ रहता है तथा एक व्यक्ति वर्ष में चार बार रक्तदान कर सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि रक्त के अभाव में किसी भी व्यक्ति की जान न जाए और इसके लिए युवाओं को बढ़-चढ़कर आगे आना चाहिए।
कार्यकारिणी सदस्य हेमंत सिंह, शिशिर कुमार लालू एवं अंकित जलान ने बताया कि मुंगेर जिले में 52 थैलेसीमिया पीड़ित मरीज हैं, जिन्हें प्रत्येक माह नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे मरीजों के जीवन को बचाने में स्वैच्छिक रक्तदाताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसके अलावा दुर्घटनाओं एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में भी रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता की जाती है।
अभियान में उमेश राजगढ़िया, रूद्र कृष्णन, मंटू एवं दीपक शर्मा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!