पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का मुंगेर में शुभारंभ,
2.5 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ

मुंगेर, 14 जून 2026। नई सरकार के 60 दिन पूर्ण होने के अवसर पर बिहार सरकार द्वारा ऊर्जा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत ₹1512 करोड़ की लागत से 2.5 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के कार्य का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर ऊर्जा क्षेत्र से संबंधित ₹1278 करोड़ की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण एवं कार्यारंभ भी किया गया।

राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण मुंगेर समाहरणालय के संवाद कक्ष में जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुंगेर विधायक कुमार प्रणय,

जमालपुर विधायक नचिकेता मंडल,

उप विकास आयुक्त अजीत कुमार सिंह, ऊर्जा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष लाभुक उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों को बिजली बिल के बोझ से राहत प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने वाली यह योजना पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने लाभुकों को योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए अधिक से अधिक पात्र परिवारों को इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। बताया गया कि कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जाएंगे, जिससे उन्हें दीर्घकालिक रूप से बिजली उपलब्ध होगी और ऊर्जा खर्च में कमी आएगी।
इस दौरान सदर प्रखंड की कटरिया पंचायत की लाभुक राधा देवी ने योजना के प्रति प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सौर ऊर्जा संयंत्र लगने से बिजली संबंधी समस्याएं कम होंगी तथा परिवार को आर्थिक लाभ भी मिलेगा। उन्होंने राज्य सरकार और ऊर्जा विभाग के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने कहा कि जिला प्रशासन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगा, ताकि पात्र लाभुकों को समयबद्ध तरीके से इसका लाभ मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर अधिकाधिक परिवारों को योजना से जोड़ने के निर्देश भी दिए।




