प्रशासनिकलोकल न्यूज़

जन सुनवाई में पहुंचे 25 मामले, भूमि विवाद एवं अतिक्रमण की शिकायतें रहीं प्रमुख

भूमि विवाद और दाखिल-खारिज के मामलों पर डीएम ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

मुंगेर, 22 जून। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से समाहरणालय परिसर में आयोजित जन सुनवाई कार्यक्रम में जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए लोगों की शिकायतें सुनीं। जन सुनवाई के दौरान कुल 25 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश मामले भूमि विवाद, भूमि अतिक्रमण, दाखिल-खारिज एवं राजस्व संबंधी समस्याओं से जुड़े थे।


जिलाधिकारी ने सभी आवेदनों का गंभीरतापूर्वक अवलोकन करते हुए संबंधित आवेदकों से उनकी समस्याओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। भूमि विवाद से जुड़े मामलों में अंचल अधिकारियों, राजस्व अधिकारियों एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने तथा नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जन सुनवाई में लालदरवाजा मछली तालाब निवासी नीतू देवी ने शिकायत की कि गांव के ही गुड्डू एवं राजू यादव द्वारा उनके सात वर्षीय पुत्र के साथ मारपीट की गई, लेकिन थाना में शिकायत दर्ज नहीं की गई। वहीं जमालपुर के रामचंद्रपुर निवासी जलधर यादव ने अपनी भूमि की सरकारी अमीन से नापी कराने का अनुरोध किया।
संगीता कुमारी, कृष्णनंदन कुमार एवं बिट्टू कुमार ने कर्मचारी की त्रुटि के कारण उनके पते में हुए बदलाव को सुधारने की मांग की। धरहरा प्रखंड के मानगढ़ निवासी ब्रामदेव यादव ने मानगढ़ गांव को पुनः पंचायत का दर्जा दिलाने की मांग उठाई।
जिलाधिकारी ने सभी मामलों की गहन जांच कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक एवं समुचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!