विशेष सहयोग शिविर में जनसमस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान, विभिन्न योजनाओं का मिला लाभ

बरियारपुर, मुंगेर। बरियारपुर प्रखंड के ग्राम पंचायत बरियारपुर दक्षिणी में फिलिप्स उच्च विद्यालय परिसर में आयोजित विशेष सहयोग शिविर में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं का समाधान किया गया। शिविर में जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर लोगों की शिकायतें सुनीं तथा कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया।
शिविर के दौरान पात्र लाभार्थियों को राशन कार्ड, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, आयुष्मान कार्ड तथा जॉब कार्ड सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता (आपदा) संजय कुमार सिंह एवं डीआरडीए निदेशक अमरेश कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। शिविर का नेतृत्व प्रखंड विकास पदाधिकारी विशाल आनंद ने किया। इस अवसर पर अंचल अधिकारी रवि कुमार, थानाध्यक्ष अमरेश कुमार, श्रम पदाधिकारी दिलीप कुमार झा, कार्यक्रम पदाधिकारी शंभू भगत, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनिल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
जनप्रतिनिधियों में मुखिया भानुमति देवी, उपमुखिया करण साह, विनय कुमार गुड्डू, मनोज सिंह, मनोहर दास तथा पूर्व मुखिया राम दिलीप पासवान ने भी शिविर में भाग लिया।
शिविर में स्वास्थ्य, राजस्व, कृषि, मत्स्य, उद्योग एवं पशुपालन विभाग के अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष रखीं। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया।
भूमि विवाद, दाखिल-खारिज एवं अतिक्रमण से संबंधित मामलों को लेकर बड़ी संख्या में लोग अंचल विभाग के स्टॉल पर पहुंचे। अंचल अधिकारी रवि कुमार ने लोगों की समस्याएं सुनकर आवश्यक निर्देश दिए तथा कई मामलों के समाधान की प्रक्रिया शुरू कराई।
इस अवसर पर आशीष कुमार, कार्यपालक विनीत कुमार, नीतू कुमारी, राधा कुमारी, मोहम्मद रहमान, विजेता कुमारी, सुधांशु कुमार सहित अनेक कर्मी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने शिविर की सराहना करते हुए इसे जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।




