प्रशासनिक

मुंगेर, 12 अगस्त 2026।

हवेली खड़गपुर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, पहाड़पुर में बुधवार को जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति, पठन-पाठन, स्मार्ट क्लास तथा मध्याह्न भोजन व्यवस्था का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद किया और उनकी पढ़ाई, शिक्षण व्यवस्था तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। शिक्षकों की उपस्थिति एवं नियमित पठन-पाठन की भी समीक्षा की गई।

प्रधानाचार्य व स्मार्ट क्लास शिक्षक पर कार्रवाई

विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और शिक्षकों के कार्यकलापों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने प्रधानाचार्य सत्य प्रकाश भारती एवं स्मार्ट क्लास शिक्षक के कार्यकलाप पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने दोनों से स्पष्टीकरण पूछने तथा तत्काल प्रभाव से वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान स्मार्ट क्लास में लगा स्मार्ट टीवी कई महीनों से खराब पाए जाने और अब तक उसकी मरम्मत नहीं कराए जाने पर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। इस मामले में भी संबंधित से स्पष्टीकरण के साथ वेतन स्थगन की कार्रवाई का निर्देश दिया गया।

डीएम ने कहा कि स्मार्ट क्लास का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक एवं तकनीक आधारित शिक्षा उपलब्ध कराना है। इसलिए इसका नियमित और प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

मध्याह्न भोजन और रसोई की व्यवस्था पर भी जताई नाराजगी

जिलाधिकारी ने विद्यालय की रसोई एवं मध्याह्न भोजन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। रसोई की साफ-सफाई एवं व्यवस्था में कमी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कर्मियों को तत्काल सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन मिलना चाहिए। भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और रसोई परिसर की साफ-सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों को निर्धारित समय पर नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, कक्षाओं का प्रभावी संचालन करने तथा विद्यालय परिसर में स्वच्छता, अनुशासन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विद्यालयों का नियमित निरीक्षण शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी कुणाल गौरव सहित शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!