दिलखुश प्रकरण में गिरफ्तारी देने धरहरा थाना पहुंचे सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता,
अपराधियों की गिरफ्तारी की उठी मांग

धरहरा (मुंगेर), 27 जून। दिलखुश प्रकरण में आरोपितों की गिरफ्तारी, क्षेत्र में बढ़ते अपराध, शराब माफियाओं के बढ़ते प्रभाव तथा थाना में कथित दलाली के विरोध में शनिवार को विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों एवं पंचायत प्रतिनिधियों के सैकड़ों कार्यकर्ता धरहरा थाना पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए अपनी गिरफ्तारी की मांग की।

इससे पूर्व धरहरा डाक बंगला चौक से सपा जिलाध्यक्ष पप्पू यादव, उप प्रमुख नीरज कुमार, जन सुराज के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गोप, वीआईपी के जिलाध्यक्ष एवं महागठबंधन के पूर्व प्रत्याशी नरेंद्र तांती, युवा राजद प्रखंड अध्यक्ष संदीप यादव, वीआईपी युवा जिलाध्यक्ष सुमन बीना, सरपंच संघ जिलाध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ कालीचरण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व सरपंच अजय कुमार चंद्रवंशी तथा पप्पी कुमार उर्फ पप्पू यादव के नेतृत्व में जुलूस निकाला गया। जुलूस मुख्य बाजार होते हुए धरहरा थाना पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारी थाना परिसर में बैठकर अपनी गिरफ्तारी की मांग करने लगे।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “दिलखुश प्रकरण के दोषियों को गिरफ्तार करो”, “शराब माफियाओं और दलालों से थाना को मुक्त करो”, “अभी तो यह अंगड़ाई है, आगे और तेज लड़ाई है” जैसे नारे लगाए।
आंदोलनकारियों से बातचीत के दौरान थाना अध्यक्ष ने कहा कि आंदोलनकारी उनके अतिथि हैं तथा अपराधियों की गिरफ्तारी पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
वहीं उपस्थित नेताओं ने आरोप लगाया कि पूर्व थाना अध्यक्ष की कार्यशैली के कारण क्षेत्र में जातीय तनाव का माहौल बना। नेताओं का कहना था कि दिलखुश प्रकरण में दर्ज प्राथमिकी और उसकी प्रक्रिया पर कई सवाल खड़े होते हैं, जिससे अपराधियों को संरक्षण मिलने की आशंका पैदा होती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलनकारी पुनः पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज कराएंगे।
प्रदर्शन में रविकांत झा, कौशल किसलय यादव, मिथिलेश सिंह, नवीन चंद्र यादव, मो. मोकिम, मनोज क्रांति, नकुल यादव, मो. आजम, राकेश कुशवाहा, पंकज यादव, मयंक राज, अमित रंजन, राजेश यादव, शंभू शंकर, कंतलाल मंडल, मनीष कुमार, भरत यादव सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।




