हवेली खड़गपुर में केशरवानी समाज की महिलाओं ने मनाया सावन महोत्सव

आयोजन में दिखी सावन की हरियाली और पारंपरिक भारतीय संस्कृति की मनमोहक झलक
हवेली खड़गपुर, मुंगेर। सावन के पावन महीने के अवसर पर हवेली खड़गपुर नगर स्थित केशरवानी ठाकुरबाड़ी में केशरवानी समाज की महिलाओं द्वारा हर्षोल्लास के साथ सावन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन प्रीति केसरी एवं शिल्पा केसरी ने किया। कार्यक्रम में समाज की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सावन की पारंपरिक संस्कृति एवं उमंग को जीवंत कर दिया।
सावन महोत्सव के दौरान महिलाओं ने विशेष रूप से हरे रंग के परिधान धारण किए तथा हरी चूड़ियों, मेहंदी, बिंदी, आभूषण एवं अन्य श्रृंगार सामग्री से सज-धजकर कार्यक्रम में हिस्सा लिया। पूरे आयोजन में सावन की हरियाली और पारंपरिक भारतीय संस्कृति की मनमोहक झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर महिलाओं ने एक-दूसरे को सावन की शुभकामनाएं दीं तथा आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान सावन से जुड़े गीत, मनोरंजक गतिविधियां एवं महिला सहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। महिलाओं ने उत्साह और उल्लास के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।
आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य समाज की महिलाओं को एक मंच पर लाना, आपसी मेल-जोल बढ़ाना तथा भारतीय परंपरा और संस्कृति से नई पीढ़ी को जोड़ना है। सावन महोत्सव ने महिलाओं को अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को उत्सव के रूप में मनाने का अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्य पार्षद दीपक केसरी नेहा केसरी, सरिता केसरी, ज्योति केसरी, गार्डन केसरी,वीना केसरी, शिल्पा केसरी,वैष्णवी केसरी,कल्याणी केसरी, अमीषा केसरी, प्रीति केसरी,अर्चना केसरी, सुनीता केसरी, अमृता केसरी, हेमलता केशरी, अंकित, दीपा केसरी, रजनी केसरी, रिंकी केसरी, उर्मिला केसरी, सहित केशरवानी समाज की बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी से पूरा आयोजन जीवंत और आकर्षक बना रहा।
डिजिटल दर्पण न्यूज़ की विशेष रिपोर्ट




