महज 36 घंटे में मुंगेर पुलिस ने सुलझाया 8.82 लाख की लूट का मामला, 5 आरोपी गिरफ्तार, 8.46 लाख रुपये व हथियार बरामद

मुंगेर, 4 जुलाई। मुंगेर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुफसिल थाना क्षेत्र में हुई 8.82 लाख रुपये की लूट की घटना का महज 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट की 8 लाख 46 हजार रुपये की नकदी, एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, तीन मोटरसाइकिल तथा पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई 2026 को पुरानीगंज निवासी धर्मेंद्र कुमार और फरदा निवासी सन्नी कुमार मुफसिल थाना पहुंचे और घटना की जानकारी दी।
दोनों एक व्यापारी के यहां कार्यरत हैं। आवेदन में बताया गया कि 1 जुलाई 2026 को बरियारपुर से व्यापारिक राशि की वसूली कर लौटने के दौरान मुफसिल थाना क्षेत्र के बोचाही गांव के समीप दोपहर करीब दो बजे काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने हथियार के बल पर उन्हें रोक लिया और करीब 8 लाख 82 हजार रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर), मुंगेर के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम में मुफसिल थाना, बरियारपुर थाना, जिला आसूचना इकाई और सशस्त्र बल के पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया। विशेष टीम ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी करते हुए मात्र 36 घंटे के भीतर पूरे गिरोह का खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि तीन अपराधियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था, जबकि दो अन्य आरोपी पहले से रेकी कर रहे थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीरज सिंह उर्फ नवीन सिंह (इटहरी, नयारामनगर), विद्यासागर सिंह उर्फ वक्कू सिंह (कल्याण टोला, बरियारपुर), बब्लू मंडल (विजयनगर, बरियारपुर), नितिश कुमार (बरियारपुर) तथा मनोज सहनी (कल्याण टोला, बरियारपुर) के रूप में की है। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 लाख 46 हजार रुपये नकद, एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, तीन मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस के अनुसार, बरामद मोटरसाइकिलों में घटना में प्रयुक्त वाहन भी शामिल है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है और शेष राशि तथा अन्य संभावित कड़ियों की भी जांच की जा रही है। मुंगेर पुलिस ने इस त्वरित कार्रवाई को टीमवर्क, तकनीकी अनुसंधान और आसूचना तंत्र की सफलता बताया है। इस कार्रवाई से जिले में अपराध नियंत्रण के प्रति पुलिस की सक्रियता का संदेश गया है।




