राजनीति

तारापुर बिजली विभाग में करोड़ों के उपकरणों की कथित अनियमितताओं का आरोप, AEE पर गंभीर सवाल

तारापुर बिजली विभाग में करोड़ों के उपकरणों की कथित अनियमितताओं का आरोप, AEE पर गंभीर सवाल
तारापुर, मुंगेर।
तारापुर बिजली विभाग के तत्कालीन सहायक अभियंता अमित कुमार के कार्यकाल को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। एक स्थानीय नागरिक ने दावा किया है कि पिछले तीन वर्षों के दौरान बिजली विभाग की पुरानी संपत्तियों के निस्तारण और रखरखाव के नाम पर बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुईं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित अधिकारी का पक्ष भी सामने नहीं आया है।
आरोपों के अनुसार, विभाग के पुराने एल्यूमिनियम तार, रेल पोल, लोहे के पोल और ट्रांसफार्मरों को कथित रूप से नियमों की अनदेखी कर हटाया गया तथा उनकी अवैध बिक्री की गई।
शिकायत में धोबई गांव का उदाहरण देते हुए कहा गया है कि गोपाल चौधरी के खेत से 11 केवी लाइन, पोल और ट्रांसफार्मर हटाने के दौरान लाखों रुपये के लेन-देन और सरकारी सामग्री की अवैध बिक्री की गई।
इसी प्रकार आरोप है कि तारापुर पावर ग्रिड से स्वर्णडीह होते हुए लखनपुर तक पुराने एल्यूमिनियम तारों को पोल से उतारकर काटा गया और उन्हें ट्रैक्टर से कथित रूप से तार गलाने वाली फैक्ट्री तक पहुंचाया गया। बाद में उसी मार्ग पर नई लाइन बिछाई गई।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि श्रावणी मेले से पहले औरंगा गांव के आसपास लगभग 10 किलोमीटर पुरानी लाइन हटाकर बाद में नई लाइन लगाने का कार्य कराया गया।
एक अन्य आरोप में कहा गया है कि तारापुर-खड़गपुर 33 केवी लाइन के लगभग 6 किलोमीटर तार की कथित चोरी कराए जाने के बाद थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई, लेकिन मामले की जांच अब तक लंबित है।
इसके अलावा शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तीन फेज बिजली कनेक्शन देने, कुटीर उद्योगों और बोरिंग संचालकों से मासिक अवैध वसूली तथा बिजली चोरी के मामलों में समझौते के नाम पर भ्रष्टाचार किया जाता था। इन आरोपों के समर्थन में अभी तक कोई आधिकारिक दस्तावेज सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
शिकायतकर्ता ने राज्य सरकार और बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
नोट: यह समाचार शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित अधिकारी का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!