दिल्ली लाठीचार्ज के विरोध में सपा का प्रदर्शन, केंद्र व राज्य सरकार का पुतला दहन

मुंगेर, मंगलवार। संसद मार्च के दौरान दिल्ली में नीट सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज, सोनम वांगचुक के आंदोलन को लेकर कार्रवाई, उत्तर प्रदेश में जौहर विश्वविद्यालय पर की गई कार्रवाई तथा बिहार में बढ़ते अपराध के विरोध में समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को जिला मुख्यालय में केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।

पुतला दहन से पूर्व समाजवादी पार्टी के अस्थायी कार्यालय से जिलाध्यक्ष पप्पू यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला। जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए राजीव गांधी चौक पहुंचा, जहां प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का प्रतीकात्मक पुतला जलाया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार के विरोध में नारेबाजी की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन कर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने राष्ट्रपति से सरकार को बर्खास्त करने की मांग करते हुए कहा कि लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।
समाजवादी लोहिया वाहिनी के प्रदेश महासचिव रविकांत झा ने कहा कि प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग, सोनम वांगचुक के आंदोलन को लेकर की गई कार्रवाई तथा उत्तर प्रदेश में जौहर विश्वविद्यालय पर हुई कार्रवाई सरकार की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है।
पार्टी के महासचिव मिथिलेश यादव, प्रवक्ता गणेश पोद्दार, सचिव नकुल यादव, नगर अध्यक्ष मो. आजम तथा प्रखंड अध्यक्ष ईश्वर मंडल ने बिहार में बढ़ते अपराध पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और सरकार इस पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में विफल रही है।
प्रदर्शन में उपाध्यक्ष रामनाथ राय, महासचिव अशोक भारत, मीडिया प्रभारी मनोज क्रांति, बरियारपुर प्रखंड अध्यक्ष देवेंद्र यादव, गोपाल वर्मा, मथुरी यादव, छड़पन मंडल, दिनेश साहू, कालेश्वर महतो, विशेश्वर मंडल, मनीष यादव, चंद्रदेव मंडल, अशोक शर्मा, चंदन शाह, योगेंद्र मंडल, लक्ष्मण महतो, गौतम कुमार, अरुण मंडल, भोला दास, सोनू यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



