हवेली खड़गपुर में डंगरी नदी से लापता युवती का मिला शव, कारणों को लेकर परिवार और ग्रामीणों के अलग-अलग दावे,

जिले के हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रतैठा पंचायत के रतनी गांव के समीप गुरुवार को डंगरी नदी से एक 16 वर्षीय युवती का शव बरामद किया गया। मृतका की पहचान रतनी गांव निवासी अनिरुद्ध साह की पुत्री आरती कुमारी के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से लापता थी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर भेज दिया है। परिजन दो दिनों से उसकी तलाश में जुटे थे, लेकिन कोई पता नहीं चल पाया। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने नदी में एक शव देखा और इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान आरती के रूप में की।
घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीण सूत्रों के अनुसार, युवती ने घर में हुए विवाद के चलते आत्महत्या का कदम उठाया हो सकता है। उनका दावा है कि कुछ ही महीनों बाद उसकी शादी तय थी और वह मानसिक रूप से तनाव में थी। वहीं, मृतका के परिजन इन दावों को नकारते हुए इसे नदी में डूबने से हुई दुर्घटना बता रहे हैं।
मृतका की मां गायत्री देवी और भाई दीपक कुमार का कहना है कि आरती दो दिन पूर्व इसी स्थान पर कृषि कार्य के लिए गई थी। धान की कटाई के बाद खेतों की सफाई का काम चल रहा था। परिजनों की आशंका है कि शौच जाने या पानी भरने के दौरान पैर फिसलने से वह नदी में गिर गई और डूबने से उसकी मौत हो गई।
हवेली खड़गपुर थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतका के भाई ने उसकी मानसिक स्थिति कमजोर होने और पहले भी आत्महत्या का प्रयास करने की बात कही है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन पुलिस को नहीं मिला है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।




