लोकल न्यूज़

कड़ी सुरक्षा के बीच आर एंड डीजे कॉलेज में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई मतगणना,

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की मतगणना आज जिले के आर एण्ड डीजे कॉलेज में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हुई। मतगणना कार्य का नेतृत्व जिला पदाधिकारी एवं जिला निर्वाचन पदाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर तथा पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद स्वयं कर रहे थे। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों की सक्रिय मौजूदगी ने पूरे परिसर में अनुशासन और सुरक्षा का मजबूत संदेश दिया।

सुबह निर्धारित समय पर मतगणना प्रारंभ होते ही सुरक्षा व्यवस्था को चार चरणों में लागू किया गया। प्रवेश द्वार पर त्रिस्तरीय जांच व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे की लगातार निगरानी और मजिस्ट्रेटों की तैनाती से परिसर में किसी भी अनावश्यक भीड़ या अव्यवस्था की संभावना समाप्त रही। पुलिस बल, SAP जवानों और महिला पुलिस की चुस्त तैनाती के कारण पूरे परिसर में शांति का माहौल बना रहा।

जिला पदाधिकारी ने मतगणना केंद्रों का निरंतर निरीक्षण किया और प्रत्येक टेबल पर मौजूद माइक्रो ऑब्जर्वर, मजिस्ट्रेट और मतगणना कर्मियों को निष्पक्षता एवं सावधानी से कार्य करने का निर्देश दिया। वहीं पुलिस अधीक्षक ने बाहरी सुरक्षा पर निगरानी रखते हुए यह सुनिश्चित किया कि किसी भी प्रकार का प्रदर्शन, जुलूस या अव्यवस्था मतगणना प्रक्रिया को प्रभावित न कर सके।

मतगणना के दौरान राजनीतिक दलों के एजेंटों को निर्धारित संख्या में ही प्रवेश की अनुमति दी गई। सभी एजेंट EVM खुलने से लेकर परिणामों के संकलन तक अपनी उपस्थिति में प्रक्रिया का अवलोकन करते रहे। प्रशासन की पारदर्शी और सतर्क व्यवस्था के कारण किसी भी तरह की शिकायत सामने नहीं आई।

सुरक्षा घेराबंदी और प्रशासन की सक्रियता के चलते मतगणना का पूरा दिन शांतिपूर्ण रहा। जिला प्रशासन ने बताया कि परिणाम घोषित होने तक सभी कर्मियों और एजेंटों को परिसर में ही नियंत्रित तरीके से रखा गया, जिससे किसी भी अप्रिय स्थिति की संभावना समाप्त हो गई।

मतगणना कार्य के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मतगणना कर्मियों, सुरक्षा बलों और संबंधित अधिकारियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि सभी के सहयोग से मुंगेर ने एक बार फिर शांतिपूर्ण एवं अनुशासित चुनाव-प्रबंधन की मिसाल पेश की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!