मुंगेर विचार मंच का नगर आयुक्त को ज्ञापन, शहर में अतिक्रमण व पेयजल संकट पर कड़े कदम उठाने की मांग

मुंगेर विचार मंच के एक शिष्टमंडल ने गुरुवार को मुंगेर नगर निगम की नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित से मुलाकात कर शहर की प्रमुख सड़कों पर फैले अतिक्रमण को हटाने एवं ठेला व दुकानदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
शिष्टमंडल ने नगर आयुक्त को बताया कि शहर की मुख्य सड़कों पर अतिक्रमण के कारण आम लोगों को आवाजाही में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। मंच के संयोजक रवि मोहन उर्फ रवि भगत ने कहा कि मुंगेर नगर के कई वार्डों में पेयजल समस्या अत्यंत गंभीर है। “हर घर नल, हर घर जल” योजना से अनेक परिवार अब भी वंचित हैं। कुछ वार्डों में नल कनेक्शन तक नहीं पहुंच पाया है, जिसके कारण लोग शहर में बने प्याऊ से गंदा व बदबूदार पानी पीने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि प्याऊ की टंकियों की नियमित सफाई न होने से पानी में कीड़े तक पाए जा रहे हैं, जो स्वास्थ्य के लिए खतरा है।
पूर्व वार्ड पार्षद नागेंद्र कुमार उर्फ गोपी ने कहा कि मुंगेर में अतिक्रमण और प्रदूषण की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। व्यस्त बाजार क्षेत्रों में पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि एक नंबर ट्रैफिक मोड़, गांधी चौक से राजीव गांधी चौक तक तथा शीतला मंदिर रोड से आजाद चौक तक ठेला और दुकानदारों द्वारा सड़क कब्जे में रखने से हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक, पॉलीथीन, प्लास्टिक के गिलास-चम्मच और थर्मोकोल से बने बर्तनों की खुलेआम बिक्री नाले जाम व प्रदूषण की मुख्य वजह है। इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग भी की गई।
इस मौके पर गोविन्द कुमार चौधरी भी उपस्थित रहे। शिष्टमंडल ने नगर आयुक्त से शहर की साफ-सफाई, अतिक्रमण हटाने और पेयजल संकट पर त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई।




