शामपुर थाना में बड़ी कार्रवाई : 104 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार,

शामपुर थाना परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब बिहार अपराध नियंत्रण अधिनियम (CCA) के तहत उपस्थिति दर्ज कराने पहुंचे अमन कुमार (पिता–रमेश यादव) पर मिली गुप्त सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने विशेष कार्रवाई शुरू की।
गुप्त सूचना थी कि अमन कुमार के साथ आए प्रीतम कुमार (पिता–अनिल ताँती), दोनों निवासी जरबहेरा, थाना–वासुदेवपुर, जिला–मुंगेर, अपने साथ अवैध मादक पदार्थ लेकर आए हैं। सूचना के सत्यापन हेतु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, खड़गपुर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें अपर थानाध्यक्ष शामपुर, जिला आसूचना इकाई एवं थाना सशस्त्र बल को शामिल किया गया। साथ ही दंडाधिकारी की उपस्थिति भी सुनिश्चित की गई।
पूछताछ के दौरान दोनों व्यक्ति घबराए हुए नजर आए और संतोषजनक जवाब देने में असमर्थ रहे। पूछताछ आगे बढ़ते ही दोनों थाना परिसर से फरार होने का प्रयास करने लगे, लेकिन सशस्त्र बल की तत्परता से उन्हें तुरंत पकड़ लिया गया।
कड़ी पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के धंधे में शामिल हैं। दंडाधिकारी की मौजूदगी में की गई तलाशी में अमन कुमार के जैकेट की अंदरूनी जेब से एक सफेद पाउच में भरा लगभग 104 ग्राम ब्राउन शुगर (जैसा पदार्थ) बरामद हुआ। इसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में शामपुर थाना कांड संख्या 133/25, दिनांक 21.11.2025, धारा 21(b)/22(b)/25/29/32 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
इस सफल कार्रवाई से पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी पर एक बार फिर महत्वपूर्ण प्रहार किया है।




